सकेतड़ी मंदिर से लाखों के आभूषण की चोरी का नहीं सुलझा मामला
- सीसीटीवी फुटेज के बाद भी पुलिस नहीं लगा सकी सुराग
- कर्मचारियों की कमी का बनाया जाता है बहाना
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
सकेतड़ी मंदिर में मूर्तियों से हुई लाखों के आभूषण की चोरी के मामले का खुलासा अब तक नहीं हो सका है। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात की पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई थीं, बावजूद अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना की रात, शिव मंदिर के सभी कर्मी सोए हुए थे और किसी को चोरी की इस घटना की भनक तक नहीं मिल सकी।
फरवरी के दूसरे पखवाड़े में प्राचीन शिव मंदिर के सात मंदिरों में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद चंडीगढ़ के वन विभाग और पंचकूला पुलिस से भी मंदिर प्रशासन ने सहयोग मांगा। लेकिन न तो अब तक पुलिस इस मामले को सुलझा सकी और न ही मंदिर प्रबंधन के सहयोग से आरोपियों का सुराग मिल सका।
फुटेज के बाद भी नहीं सुलझ रहे हैं मामले
पुलिस टीमें घटना के बाद अक्सर वहां से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को पकड़ने का दावा करती है, लेकिन हकीकत अलग है। कर्मियों की कमी का हवाला दे दिया जाता है। कई मामले अभी भी अनसुलझे हैं।
सीमाएं नहीं सुरक्षित
सुरक्षा के लिहाज से सकेतड़ी का इलाका पहले से ही महफूज नहीं है। पिछले साल बाउंसर मीत की हत्या के बाद पुलिस पोस्ट की शुरुआत तो कर दी गई थी, लेकिन न तो अपराध में कोई कमी आई और न ही वारदातें सुलझीं। पंचकूला के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा की लचर स्थिति होने की वजह से अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में सेक्टर-19 में एक बुजुर्ग से चेन स्नैचिंग कर फरार हुए आरोपियों का भी सुराग नहीं मिल सका। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पंजाब के क्षेत्र में फरार हो गए।