समझौता ब्लास्ट मामले में अगली सुनवाई आठ दिसंबर को
नहीं पहुंचा एक भी पाकिस्तानी गवाह
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
समझौता ब्लास्ट मामले में एनआईए की विशेष अदालत में चल रही सुनवाई आठ दिसंबर तक के लिए टाल दी गई है। सोमवार को गवाही के लिए पाकिस्तानी नागरिकों के नहीं पहुंचने पर अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तारीख तय कर दी। इस मामले में पहले भी एक दर्जन से अधिक पाकिस्तानी नागरिकों को समन किया गया था, लेकिन पाकिस्तान ने चार महीने का वक्त मांगा था। लेकिन नियत अवधि पूरी होने के बाद भी गवाही के लिए एक भी पाकिस्तानी नागरिक नहीं पहुंचा। पहले गवाही के लिए 27-30 नवंबर की तारीख तय की गई थी।
फरवरी 2007 में पानीपत के दीवाना स्टेशन के पास दिल्ली से अटारी के लिए जाते हुए समझौता एक्सप्रेस में विस्फोट में 66 से अधिक यात्रियों की मौत हो गई थी। इनमें अधिकतर पाकिस्तानी मूल के नागरिक थे। जांच के बाद मामले की सुनवाई पंचकूला स्थित एनआईए की अदालत में चल रही है। बचाव पक्ष के वकील मनवीर राठी ने बताया कि इस मामले की अगली सुनवाई अब आठ दिसंबर को होगी। इस दौरान अदालत में गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे।