मानसिक तौर पर परेशान युवती को सुसाइड से बचाया
ब्लू व्हेल से नहीं है कोई ताल्लुक, न दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
लंबे समय से अकेलेपन से मानसिक तौर पर परेशान एक युवती ने सेक्टर 12 में सुसाइड की कोशिश की, जिसे मौके पर समय रहते पुलिस ने बचा लिया। मूलरूप से पंजाब की रहने वाली युवती के माता-पिता ऑस्ट्रेलिया में थे, जो एक माह पहले ही पंचकूला में पीजी के तौर पर रह रही थी।
अकेलेपन से परेशान युवती ने इस हालात से उबरने के लिए गिटार सीखना शुरू किया। युवती ने इस बात की जानकारी अपने मकान मालिक को दी, जिन्होंने अभिभावकों को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद उसकी मां पंचकूला पहुंच गई, लेकिन इससे पहले 30 वर्षीय युवती ने सुसाइड की कोशिश की।
पुलिस कमिश्नर एएस चावला सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने इस घटना का ब्लू व्हेल से कोई भी ताल्लुक होने होने से इंकार किया है। लेकिन मामले से जुड़े तमाम पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने जब इस घटना के कारणों की छानबीन की तो मोबाइल या कंप्यूटर से ब्लू व्हेल या किसी तरह के गेम से जुड़े कोई भी सबूत नहीं मिले हैं। फिलहाल मां अपनी बेटी को पंजाब लेकर चली गई है।
सेक्टर-पांच थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि युवती मानसिक तौर पर परेशान थी और अकेलेपन के कारण उसने ऐसा कदम उठाने की सोची, लेकिन पुलिस ने उसे सुसाइड करने से रोक लिया।