पटवाई क्षेत्र में खनन अधिकारी पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
रामपुर।
अवैध खनन का धंधा रोकने के लिए गुरुवार की रात को छापेमारी करने पहुंचे खनन अधिकारी पर रेत से भरे ट्रक चालक ने हमला कर दिया। चालक ने खनन अधिकारी को पीट दिया, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। बाद में आरोपी ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।
जिले में खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद जिले में अवैध खनन का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वार-मसवासी में तो खनन माफिया स्थानीय किसानों और ग्रामीणों से लेकर अफसरों तक पर हावी रहते हैं। आए दिन मारपीट और हंगामे की सूचनाएं मिलती हैं। इस बीच रेत का ट्रक लेकर जा रहे एक चालक ने खनन अधिकारी पर हमला कर सनसनी फैला दी है।
खनन अधिकारी शैलेंद्र मौर्य ने बृहस्पतिवार रात छापेमारी करते हुए पटवाई क्षेत्र में रेत से भरे ट्रक को रोकने के लिए इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रक को नहीं रोका। इसके बाद पीछा कर चालक को पकड़ लिया। आरोप है कि इस दौरान ट्रक चालक ने खनन अधिकारी के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ट्रक चालक को पकड़कर थाने ले गई। इसके बाद खनन अधिकारी ने चालक के खिलाफ हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक चालक खौदपुरा निवासी तौफीक को जेल भेज दिया है।