फायरिंग की सूचना पर पहुंचे पीसीआर इंचार्ज को पीटा
पुलिस टीम ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर।
पीसीआर पर तैनात इंचार्ज को वीरवार को देर रात करीब सवा एक बजे सूचना मिली है कि अमरावती एन्क्लेव कॉलोनी के एक फ्लैट में फायरिंग हुई है। जब पीसीआर इंचार्ज मौके पर पहुंचा तो नशे में धुत दो युवकों ने इंचार्ज के साथ गाली गलौज व मारपीट की। वारदात की सूचना पर अमरावती चौकी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को 8 राउंड कारतूस और देसी कट्टे के साथ काबू कर लिया। जबकि एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 186, 332, 353 के साथ साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीसीआर इंचार्ज जसमेर की शिकायत के अनुसार वीरवार को देर रात करीब सवा 1 बजे सूचना मिली कि अमरावती एन्क्लेव के मैैरी गोल्ड ब्लॉक के फ्लैट नंबर 102 में फायरिंग हुई है। सूचना पर जब मैने फ्लैट पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो नशे में धुत दो युवक फ्लैट से निकले। उन्होंने उसके साथ गाली गलौज और मारपीट शुरू कर दी। पीसीआर इंचार्ज ने मारपीट की जानकारी पुलिस को दी। जिस पर अमरावती चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देख कर आरोपी भागने लगे। आरोपियों ने जब देखा कि पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया है तो आरोपी युवक कमरे का पिछला दरवाजा खोलकर बालकनी से कूदकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर एक युवक को अमरावती के रिहायशी एरिया से काबू किया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल हो गया। आरोपी की पहचान राहुल वर्मा निवासी मकान नंबर 822बी गली, नंबर 5 नियर ओल्ड डेरा सच्चा सौदा सुख सागर कॉलोनी सिरसा के रूप में हुई। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से कारतूस से लोड एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के पास से 7 जिंदा राउंड भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।