पति की मौत के पैसे नहीं दे रही कंपनी
महिला ने सीएम विंडो पर शिकायत देकर रुपये दिलाने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर।
पिंजौर ब्लॉक के गांव जनौली की महिला ने सीएम विंडो व डीसी को शिकायत देते हुए मांग की है कि उसके पति की ओर से एक कंपनी में लगाए पैसे वापस दिलाए जाएं। महिला ने शिकायत में बताया कि उसके पति रामकिशन ने एक कंपनी में पैसा लगाया था। कंपनी ने अच्छे ब्याज के साथ पैसा देने का वादा किया था। इसके एवज में कंपनी ने रामकिशन को कुछ चेक भी दिए थे। शिकायतकर्ता महिला कृष्णा देवी ने बताया कि जब उन चेकों को बैंक में कैश होने के लिए लगाया तो वे बाउंस हो गए। शिकायतकर्ता महिला कृष्णा देवी ने बताया कि उसके पति का देहांत हो चुका है। घर में अब कोई कमाने वाला नहीं है। महिला ने शिकायत में बताया कि कुछ माह पहले उसके बेटे का एक्सीडेंट हो गया था, जिस कारण करीब 8 महीने से वह बिस्तर पर है। उसके चार नाबालिग बच्चे हैं, जिनका वह लालन पालन करने में असमर्थ है। पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार कंपनी के ऑफिस में जाकर पदाधिकारियों से प्रार्थना की कि उसकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसके पति द्वारा कंपनी में लगाए पैसे वापस किए जाएं। लेकिन उनके न तो पैसे वापस दिए जा रहे हैं और न ही पैसा वापसी बारे कोई बात की जा रही है। पीड़िता ने सीएम विंडो और डीसी पंचकूला से कंपनी में लगाए पैसे दिलाने की मांग की है।