दंगे में गोली लगने से जख्मी कपूर सिंह की मौत
हिंसा में मृतकों की संख्या पहुंची 35
पीजीआई से गिरफ्तारी के लिए लाया गया पंचकूला
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
दंगे में गोली लगने से जख्मी 71 वर्षीय कपूर सिंह की उस वक्त मौत हो गई, जब हालात में सुधार के बाद उन्हें पीजीआई से पंचकूला लाया गया। गिरफ्तारी की प्रक्रिया के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ी तो कपूर सिंह को सेक्टर-छह के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। एक और मौत के बाद पंचकूला हिंसा में मृतकों की संख्या बढ़कर 35 पहुंच गई। दंगे में गोली लगने से घायल कैथल निवासी कपूर सिंह का पिछले छह दिन से पीजीआई में इलाज चल रहा था। कपूर सिंह के एक पैर में गोली लगी थी, लेकिन हालत में सुधार के बाद जब पंचकूला के सेक्टर-पांच थाने में लाया गया, यहां उनकी तबीयत खराब होने लगी। हालत बिगड़ती देख, कपूर सिंह को तत्काल सेक्टर-छह के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत बता दिया गया।