भाई के थप्पड़ मारने से आहत 13 साल की बहन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला चंडीगढ़ का है। यहां के शास्त्री नगर में बुधवार देर शाम बच्ची घर के बाहर गली में खेल रही थी। 18 वर्षीय भाई ने बहन को घर जाने के लिए कहा तो वह बोली बाद में जाऊंगी। इस पर उसके भाई ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद बच्ची ने घर जाकर चुन्नी से फंदा लगा लिया।
पुलिस के मुताबिक शास्त्री नगर के रहने वाले जगदीश की बेटी घर के बाहर गली में खेल रही थी। इसी दौरान उसके भाई ने कहा कि देर हो गई है घर चलो। बच्ची ने कहा बाद में जाऊंगी तो भाई ने थप्पड़ मार दिया। रात आठ बजे बच्ची ने सेक्टर 26 स्थित सब्जी मंडी में रेहड़ी लगाने वाले अपने माता-पिता को फोन कर बताया कि वह आत्महत्या करने जा रही है। इसके बाद वह अपने मकान नंबर 32 की पहली मंजिल पर गई और चुन्नी से फंदा लगा लिया।
जब माता-पिता घर पहुंचे तो वह फंदे से लटक रही थी। उन्होंने बच्ची को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद आईटी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रोहताश यादव ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया।