फतेहाबाद के जांडलीकलां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परिसर में सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दसवीं के छात्र ने 12वीं कक्षा के छात्र की छाती में चाकू से चार वार कर दिए। घायल छात्र की अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताते हैं आरोपी छात्र भागते समय कुछ छात्रों से कहा कि मृतक और उसके साथी आए दिन उससे बिना वजह लड़ाई करते थे।
आज भी वह लड़ाई करना चाहते थे इसलिए उसने आवेश में आकर हमला कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई रमन की शिकायत पर हमलावर छात्र और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या और षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब साढे़ 12 बजे बारहवीं के छात्र बिंटू भैरों और 10वीं कक्षा के छात्र के बीच पहले कहासुनी हुई जो कि मारपीट में बदल गई। इसी दौरान दसवीं के छात्र ने अपने बैग से चाकू निकालकर बिंटू की छाती पर दो-तीन बार हमला कर दिया।
इसके बाद बिंटू के भाई रमन ने शोर मचाया तो स्कूल के अध्यापक अंकित शर्मा, गुरमीत कुमार, प्रवीन कुमार, शिव कुमार और राजेश कुमार भाग कर आए। इन लोगों ने खून से लथपथ बिंटू को तुरंत उठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना लेकर आए। चिकित्सकों ने बिंटू की हालत गंभीर देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।