क्राइम ब्रांच ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत चंडीगढ़ से लग्जरी गाड़ियां चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक भगोड़े कंप्यूटर साइंस इंजीनियर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दिल्ली के विकासपुरी निवासी इंजीनियर हरप्रीत सिंह उर्फ स्मार्टी की निशानदेही पर करीब एक करोड़ रुपये की 9 लग्जरी गाड़ियां बरामद हुई हैं। बुधवार को उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
10 जुलाई को मलोया एरिया से एक एस्टीम कार चोरी हुई थी। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर हरिन्द्र सिंह सेखों को सूचना मिली कि चंडीगढ़ से एस्टीम चुराने का आरोपी दिल्ली में है। सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार, एएसआई कंवरपाल समेत अन्य पुलिसकर्मियों की टीम 20 अक्तूबर को दिल्ली भेजी गई। टीम ने दिल्ली के चंद्र विहार में आरोपी को चोरी की एस्टीम कार के साथ दबोच लिया।
क्राइम ब्रांच ने चंडीगढ़ लाने के बाद आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर 4 दिन का रिमांड हासिल किया। रिमांड में आरोपी से पूछताछ के बाद तीन क्रेटा, दो इनोवा, ब्रेजा, जीप कंपास, आई-20 व स्विफ्ट समेत 9 गाड़ियां और बरामद हुईं। इनमें दो गाड़ियां चंडीगढ़ से जबकि बाकी अन्य राज्यों से बरामद हुईं। पकड़ी गई गाड़ियों की कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये आंकी गई है।
एक से तीन लाख रुपये में बेचता था गाड़ी
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की गाड़ियों को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर कबाड़ियों को एक से तीन लाख रुपये में बेचता था। आरोपी कंप्यूटर साइंस में बी-टेक कर चुका है। वह नकली चाबियां बनाकर वाहन चुराता था। आरोपी अब तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत चंडीगढ़ से करीब 200 से ज्यादा वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।
पहले भी गिरफ्तार हो चुका है आरोपी
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इंजीनियर को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में इससे पहले भी चोरी की गाड़ियों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। साल 2014 और 2016 में उसे चंडीगढ़ में गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के खिलाफ दर्ज वाहन चोरी के छह मामले अभी चंडीगढ़ की जिला अदालत में चल रहे हैं। इसके अलावा एक केस में वह भगोड़ा भी करार दिया जा चुका है।