क्रिकेटर युवराज सिंह की ओर से उनके छोटे भाई जोरावार सिंह के वैवाहिक विवाद की मीडिया कवरेज पर रोक की अपील पर उन्हें हाईकोर्ट से अब तक कोई राहत नहीं मिली है। मामले की 12 सुनवाई बीत जाने के बाद भी अभी तक किसी प्रतिवादी को अदालत से नोटिस जारी नहीं हुआ है।
युवराज सिंह ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर कहा था कि उसके भाई का वैवाहिक संबंध से जुड़ाविवाद चल रहा है, जो निजी एक मामला है। मामले की खबरें मीडिया में नहीं आनी चाहिए। यह याचिका युवराज सिंह ने जून 2015 में दायर की थी।
तब से लेकर अब तक हुई 12 सुनवाइयों के बाद भी हाईकोर्ट ने मामले में किसी भी पक्ष को नोटिस नहीं जारी किया है। जून 2015 में हुई पहली सुनवाई पर ही हाईकोर्ट ने साफ कहा था कि महज इस अंदेशे पर कि मीडिया में कोई समाचार आने से उनकी साख खराब होगी, रोक नहीं लगाई जा सकती है।
बुधवार को भी इस याचिका पर बिना कोई नोटिस जारी किये ही सुनवाई 20 मार्च तक स्थगित कर दी गई । युवराज सिंह, उनकी मां शबनम सिंह और जोरावार सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर उनके पारिवारिक मसले पर मीडिया की ओर से खबरों के जरिये दखलंदाजी का आरोप लगाया था। कहा था कि मीडिया को ढाल बनाकर जोरवार की पत्नी के परिवार वाले उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।