पंजाब में चंडीगढ़-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर कस्बे के बाहर एक टूरिस्ट बस और कोयले से लदे ट्राले में भयंकर टक्कर हो गई। हादसे में ट्राला चालक, बस के द्वितीय चालक और एक यात्री की मौत हो गई। 14 यात्री घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें सिविल अस्पताल माहिलपुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद सिविल अस्पताल होशियारपुर रेफर कर दिया गया है।
रविवार को एक टूरिस्ट बस जम्मू से दिल्ली जा रही थी। बस में करीब 40 यात्री थे। माहिलपुर के पास पहुंचने पर सुबह चार बजे विपरीत दिशा से आ रहे ट्राले से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। इन्हें दो जेबीसी की सहायता से बड़ी मुश्किल से एक दूसरे से अलग किया गया।
हादसे में ट्राला चालक कपिल देव पुत्र बलवीर सिंह निवासी फतेहगढ़ होशियारपुर, बस के दूसरे चालक पवन कुमार पुत्र अंगरेज सिंह निवासी कमला नगर आगरा (यूपी) और बस में सवार एक कारोबारी यात्री सुजात अली पुत्र आबिद अली निवासी मकान नं. 3131 गली वाकील वाली कूंया लाल पुरानी दिल्ली की मौत हो गई।
बस में 40 यात्री में 14 घायल, 4 गंभीर
बस में 40 यात्री सवार थे। इसमें से राजिंदर पुत्र गुरबचन निवासी काजूवाल (होशियारपुर), इसफाना पुत्र अली मुहम्मद निवासी भरवान (जम्मू कश्मीर), मोहम्मद हुसैन तिवाड़ी पुत्र हाजी गुलाम मुहम्मद निवासी बंदीपुर जम्मू (कश्मीर) मिंटू कुमार पुत्र कारबल निवासी मारीन (जम्मू कश्मीर) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल माहिलपुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद सिविल अस्पताल होशियारपुर रेफर कर दिया गया।
बाकी घायलों में शिवानी पुत्री केएस निवासी कतियाल (उत्तराखंड), एके श्रीवास्तव पुत्र जेपी श्रीवास्तव निवासी जम्मू, अली मोहम्मद पुत्र अब्दुल निवासी भट्ट (जम्मू) शांति पत्नी कस्तूरी लाल निवासी शालीमार गार्डन नई दिल्ली, इंद्रजीत सिंह पुत्र बासंत सिंह निवासी आजोत जिला पुंछ (जम्मू कश्मीर) कमलजीत सिंह इंदरजीत सिंह निवासी आजोत जिला पुंछ (जम्मू कश्मीर) विक्की कुमार पुत्र राम दास निवासी जय जिंदा (जम्मू कश्मीर), हजारा पत्नी मोहम्मद हुसैन निवासी बंदीपुरा (जम्मू कश्मीर) आकाश मोहम्मद निवासी कृष्णा कालोनी (जम्मू कश्मीर), अलतमस पुत्र अजमल हसन निवासी जोगीवाला टिब्बा जयपुर और कुतुबदीन पुत्र मोहम्मद शवी निवासी कूचा डलवान दरियागंज नई दिल्ली शामिल हैं।
इन्हें सिविल अस्पताल माहिलपुर में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सड़क दुर्घटना के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर डीसी होशियारपुर अनदित्ता मित्रा, एसएसपी होशियारपुर राजजीत सिंह, डीएसपी गढ़शंकर मनजीत सिंह समेत कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पल में मातम में बदलीं खुशियां
जम्मू-कश्मीर से छुट्टियां मनाकर लौट रहे यात्रियों को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उनकी खुशियां मातम में बदलने वाली हैं। रविवार सुबह चार बजे जब यात्री गहरी नींद में थे तो अचानक एक धमाका हुआ और पूरा मंजर बदल गया।
जम्मू कश्मीर से छुट्टियां मनाकर वापस आ रहे नई दिल्ली के रहने वाले कुतुबदीन पुत्र मोहम्मद शवी को क्या पता था कि उनके साथ जीजा का शव घर जाएगा। हादसे में मामूली घायल अलमसत हसन पुत्र अलमज हसन निवासी जयपुर ने बताया कि वे और उनके चाचा कुतुबदीन 3 जनवरी को जयपुर से कश्मीर तक हवाई जहाज में गए थे वहां छुट्टियों का खूब आनंद लिया।
दुर्घटना के बाद वे इस बारे में सोचकर भी सहम जाते हैं कि उनके चाचा भी बस के आगे चालक के ही केबिन में बैठे हुए थे और होशियारपुर के पीछे ही किसी गांव जिसके बारे में उन्हें मालूम नहीं था कि कौन सा गांव था यहां से बस का दूसरा चालक पवन कुमार चढ़ा था।
आगे केबिन में जगह कम होने के कारण इन्हें वापस बस में बैठने के लिये भेज दिया गया। वे यह सोचकर घबरा जाते हैं कि अगर वे आगे ही बैठे होते तो शायद दुनिया में नहीं होते क्योंकि हादसे में पवन कुमार की मौत हो गई।