सिरसा में आयोजित शादी समारोह से मंगलवार दोपहर वापस दिल्ली लौट रहे परिवार की कार हाईवे पर फतेहाबाद के गांव धांगड़ के पास बस से भिड़ गई। दुर्घटना में बाप-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई और मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार चला रहे युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और शवों को घंटों की मशक्कत के बाद गाड़ी को काटकर बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली में सेक्टर तीन रोहिणी निवासी निवासी राजेंद्र दत्त शर्मा अपने परिवार, पत्नी ललिता शर्मा, बेटे सुमित राज शर्मा और गौतम शर्मा के साथ 26 जनवरी को सिरसा में भादरा बाजार निवासी ब्रिजेश मिश्रा की लड़की के विवाह समारोह में भाग लेने के लिए आया था।
शादी में भाग लेने के बाद परिवार अपनी कार में सवार होकर वापस दिल्ली की ओर लौट रहा था। जैसे ही गाड़ी गांव धांगड़ के पास पहुंची, इसी दौरान सामने से आ रही राजस्थान परिवहन की हनुमानगढ़ डिपो की बस ने ओवरटेक करते हुए कार को टक्कर मार दी।
बस गाड़ी को दूर तक घसीटते ले गई
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस गाड़ी को आधा किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। टक्कर के दौरान धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला, सदर थाना प्रभारी गौरव शर्मा और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कार में फंसी घायल ललिता शर्मा और गौतम शर्मा को निजी वाहनों से सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
इसके बाद कार की खिड़कियों को तोड़कर राजेंद्र दत शर्मा को बाहर निकाला गया। उस समय उनकी सांसें चल रहा थीं। लेकिन उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
बस चालक और परिचालक मौके से फरार
कार चला रहा सुमित शर्मा के शव घंटे भर की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद प्रशासन ने गौतम के मोबाइल से सिरसा में परिजनों को घटना की सूचना दी।
सिर धड़ से हुआ अलग
कार तथा बस की टक्कर इतनी भीषड़ थी कि कार एक साइड़ से पूरी तरह से पिचक गई और हादसे के समय कार चला रहा सुमित शर्मा का सिर से धड़ से अलग होकर हाईवे पर दूर जा गिरा। मृतक सुमित बीटेक के बाद कंपीटिशन की तैयारी कर रहा था।
हिसार से श्रीगंगानगर जा रही हनुमानगढ़ डिपो की बस के चालक और परिचालक घटना के बाद मौके से फरार हो गए। ये ही नहीं बस में मौजूद यात्री भी सहायता के लिए आगे नहीं आए।