जालंधर में शुक्रवार को कोरोना के 57 नए मामले सामने आए। कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 1893 हो गया है। वहीं कोरोना से मरने वालों की संख्या 37 हो गई है। इससे पहले गुरुवार को न्यू जवाहर नगर में रहने वाली डॉक्टर की 80 वर्षीय माता की कोरोना से लुधियाना में मौत हो गई थी। इसी तरह 52 लोग कोरोना की चपेट में आए।
राहत की बात रही कि 61 मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों से छुट्टी देकर घर में आइसोलेशन के लिए भेजा है। वहीं छोटी बारादरी में रहने वाले ज्वेलर के पिता व कोरोना पॉजिटिव आए एसीपी का ड्राइवर भी संक्रमित पाया गया है। कोरोना ने एक बार फिर निजात्म नगर में दस्तक दी है। शास्त्री मार्केट में अलॉय व्हील का शोरूम चलाने वाले के परिवार के चार सदस्य कोरोना की चपेट में आ गए। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अफसर डॉ. टीपी सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
कोरोना से नवांशहर में तीसरी मौत, दस नए केस
नवांशहर में शुक्रवार को कोरोना से एक और मौत हो गई है। कोरोना से जिले में यह तीसरी मौत है। इसके अलावा जिले में 10 नए केस सामने आए हैं। बंगा तहसील के तहत इतनी संख्या में पहली बार कोरोना मरीज सामने आए हैं। इन मरीजों में से 5 लोग एक ही परिवार के हैं। मृतक व्यक्ति की पहचान सरहाल राणूआं निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति के तौर पर हुई है। नवांशहर जिले में अब तक 289 लोगों को कोरोना हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना पॉजिटिव आए लोगों को क्वारंटीन कर दिया है तथा उनके संपर्क में आए लोगों के टेस्ट लेने शुरू कर दिए हैं।
मोगा में शुक्रवार को एक साल के बच्चे समेत 24 लोगों को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब जिले में करोना के कुल 99 केस एक्टिव हो गए है। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉक्टर अमरप्रीत कौर बाजवा ने दी। बताया कि शुक्रवार को 24 लोगों को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसमें एक साल के बच्चे समेत एक गर्भवती महिला भी शामिल है।
सिविल सर्जन के अनुसार दस लोग मोगा शहर से, सात बाघापुराना, एक गांव नसीरेवाला और पांच गांव बुक्कनवाला से संबंधित है। अब तक कुल 22 हजार 847 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें से 21 हजार 637 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है और 727 की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 321 लोगों के सैंपल लेकर कोरोना टेस्ट को भेजे हैं।
अमृतसर में कोरोना के 49 नए मामले
अमृतसर में शुक्रवार को कोरोना के 49 नए मरीज रिपोर्ट हुए। यह पहली बार है कि एक ही दिन में इतने केस रिपोर्ट हुए। पॉजिटिव केसों में बीएसएफ के जवान सहित जेल का एक मुलाजिम भी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 37 केस कम्यूनिटी से मिले हैं। अमृतसर में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1445 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 1049 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 331 एक्टिव केस हैं। अब तक कोरोना संक्रमित 65 लोगों की जान भी गई है।
फरीदकोट स्वास्थ्य विभाग के पास शुक्रवार को आई कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक डॉक्टर समेत छह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने 15 मरीजों को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार व मीडिया इंचार्ज डॉ. प्रभदीप सिंह चावला ने बताया कि बाकी पॉजिटिव मरीजों में प्रेम नगर कोटकपूरा की एक और गांव बरगाड़ी की महिलाओं के अलावा 1-1 मरीज गांव पिंडी बलौचा व गुरुनानक कालोनी फरीदकोट से संबंधित है। अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 247 हो चुकी है जिनमें से 169 ठीक हो चुके है जबकि 78 केस अभी एक्टिव है।
नंगल: हादसे में घायल हुआ युवक निकला कोरोना पॉजिटिव
गुरुवार रात एमपी कोठी के पास सड़क हादसे में घायल हुआ युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बीबीएमबी अस्पताल की पीएमओ डॉ. शालिनी चौधरी ने बताया कि दीपक नामक युवक गुरुवार को रात सड़क हादसे में घायल हो गया था, जिसके बाद उसे उपचार के लिए बीबीएमबी अस्पताल में लाया गया। बाद में उसकी गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रेफर किया, जहां वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया और हादसे में गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
फाजिल्का में 9 बीएसएफ जवानों सहित 22 लोग कोरोना पाजिटिव
फाजिल्का में शुक्रवार को कोरोना के 22 नए मामले सामने आए जिसमें नौ बीएसएफ जवानों सहित एक व्यक्ति कपूरथला का निवासी है। एक साथ 22 केस सामने आने से कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 200 के पार हो गया है। जबकि एक्टिव केसों की संख्या 74 हो गई है। इसके साथ ही आज दस और लोग कोरोना को मात देकर अपने घरों में लौट गए।
पटियाला के संत एनक्लेव की रहने वाली 73 साल की बुजुर्ग महिला की लुधियाना के अपोलो अस्पताल में मौत हो गई है। वह कोरोना पॉजिटिव थी और लीवर की बीमारी से भी ग्रसित थी। वहीं शुक्रवार को जिले में 49 नए कोरोना पॉजिटिव केस आए। इनमें दो गर्भवती महिलाएं, दो पुलिस कर्मचारी और दो कमांडो भी शामिल हैं।
सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव केसों में 29 पटियाला शहर से हैं, जबकि 9 राजपुरा, एक नाभा, एक समाना और 9 विभिन्न गांवों से हैं। वहीं शुक्रवार को जिले के विभिन्न स्थानों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 780 सैंपल जुटाए हैं।
गुरदासपुर में छह पॉजिटिव केस मिले, कुल संख्या हुई 374
गुरदासपुर में कोविड-19 संक्रमित 6 अन्य मरीज पाए गए हैं। जिसके चलते जिले में कुल कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 374 हो गई है। संक्रमित मरीजों में एक डॉक्टर भी शामिल है। एक्टिव मरीजों की संख्या 42 है। अभी तक कुल 14 मरीजों की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को संक्रमित पाए गए मरीजों में बीएसएफ चौक गुरदासपुर निवासी 57 साल का व्यक्ति, बेरियां मोहल्ला दीनानगर में एक 45 साल का पुरुष, फतेहगढ़ चूड़ियां का एक 64 साल का पुरुष, बटाला का एक 36 साल का पुरुष, गांव भोजा बटाला का एक 28 साल का पुरुष तथा गोहत पोकर गांव का एक डॉक्टर संक्रमित है।
फिरोजपुर में 19 पॉजिटिव, एसएसपी ऑफिस और थाना सदर सील
फिरोजपुर में पुलिस मुलाजिमों समेत 19 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। एसएसपी ऑफिस और थाना सदर सील कर दिया है। अब जिले में 271 कोरोना मरीज हैं, इनमें से 108 एक्टिव केस हैं। अभी तक पांच लोगों की कोरोना के चलते मौत हो चुकी है। एसपी रैंक के अधिकारी कोरोना पॉजिटिव आने के कारण कई मुलाजिम संपर्क में आने से संक्रमित पाए गए हैं। इस पर एसएसपी ऑफिस और थाना सदर को सील किया गया है। सभी मुलाजिमों को सैंपल लिए जाएंगे।