सदर समाना थाने के अधीन पड़ते गांव बादशाहपुर कालेकी से लापता युगल का शव बुधवार को खन्नौरी के पास भाखड़ा नहर से बरामद हो गया। दोनों ने एक दूसरे का हाथ एक चुन्नी से बांध रखा था।
सदर समाना थाने से मामले के जांच अधिकारी हवालदार सर्वजीत सिंह ने बताया कि गांव बादशाहपुर कालेकी की रहने वाली 32 वर्षीय मनदीप कौर 16 जून को दोपहर तीन बजे यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपने मायके जा रही है। लेकिन वह मायके नहीं पहुंची। उधर मृतक जगपाल सिंह (22) भी उसी दिन से घर से लापता था।
इसकेे बाद मनदीप के घर वालों नेे जगपाल सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी की थी कि वह मनदीप को भगाकर कहीं ले गया है। इसी बीच बुधवार को दोनों की लाशें खन्नौरी के पास भाखड़ा नहर से मिल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है