संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। थाना अमीर खास पुलिस ने टैटू की आड़ में जाली करेंसी छापने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अमरजीत सिंह, निवासी वड्डा बूर वाला, पेशे से टैटू आर्टिस्ट है। जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी अपनी दुकान में रखे रंगीन प्रिंटर का इस्तेमाल कर 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों की फोटोकॉपी कर नकली नोट तैयार कर रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जाली नोट चलाने के लिए रात में मेन हाईवे के पास घूम रहा है। वीरवार रात भारी धुंध के बीच आरोपी मोटरसाइकिल (पीबी-27-J-4883) पर सवार था। पुलिस ने गांव शमसदीन चिश्ती के पास नाकाबंदी कर उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की धारा 178 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच जारी है।