भाजपा पार्षद सतीश कैंथ के आत्मसमर्पण के एक दिन बाद शहर में मेयर अरुण सूद और शिकायतकर्ता विधवा महिला के वकील मुकेश मित्तल की बातचीत का एक तथाकथित आडियो वायरल हो रहा है। बुधवार को वायरल हुए इस आडियो से एक नया राजनीतिक विवाद पैदा हो गया है।
आडियो में मेयर अरुण सूद से बातचीत के दौरान वकील मुकेश मित्तल कहते सुनाई पड़ रहे हैं कि दोनों पक्षों में समझौता करवाने के लिए सूद उनके घर कैंथ को लेकर आए थे। सूद कहते सुनाई पड़ रहे हैं कि उन्होंने नहीं बल्कि मित्तल ने पहले समझौता कराने की पेशकश रखी थी। आडियो में मित्तल ने यह भी कह रहे हैं कि इससे पहले तो सूद कभी भी उनके घर नहीं आए थे। आडियो में एक जगह सूद यह भी कह रहे हैं कि पार्टी में उनके खिलाफ भी भाजपा पार्षद बोलते हैं।
वकील मुकेश मित्तल आरएसएस से जुड़े हुए हैं। आडियो में वकील मुकेश मित्तल शुरू में मेयर अरुण सूद से कह रहे हैं कि कैंथ ने आत्मसमर्पण से पहले एक चैनल को इंटरव्यू में कहा कि मित्तल ने कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के साथ मिलकर उनके खिलाफ साजिश रची है और मुकेश मित्तल के खिलाफ भी ईडी में जांच चल रही है। इसके जवाब में मेयर अरुण सूद ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है और न ही इस बारे में कैंथ से कोई बात हुई है ।
अरुण सूद, मेयर ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला का बेटा सबसे पहले उनके पास कैंथ से समझौता करवाने के लिए आया था। उनके पास रोजाना आम लोग अपनी समस्याओं के निवारण के लिए आते हैं तो इसमे क्या गलत है ? उन्होंने माध्यम बनाकर मामला सुलझाने का प्रयास किया। कैंथ जब कांग्रेस में थे तो शिकायतकर्ता उस समय पवन बंसल के पास भी गए थे। उस समय बंसल सांसद भी थे लेकिन कैंथ पर मामला दर्ज नहीं हुआ था।
आडियो सही है। मेयर अरुण सूद कैंथ को लेकर उनके घर समझौता करवाने आए थे। मैंने तो इससे पहले कभी कैंथ को देखा तक नहीं था। कैंथ ने आत्म समर्पण के दौरान मेरे बारे में जो कहा था, इस संबंध में बताने के लिए मैंने मेयर को फोन किया था। मेरे बारे में कैंथ ने जो भी कहा होगा वह भाजपा से सलाह करके ही बोले होंगे। कैंथ ने विधवा महिला के प्लाट पर कब्जा किया है और मेयर उन्हें बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
पहले भी भाजपा नेताओं की बातचीत के आडियो हुए हैं वायरल
इससे पहले मेयर चुनाव के पूर्व भाजपा नेताओं के बीच बातचीत के आडियो वायरल हो चुके हैं। महासचिव प्रेम कौशिक और बापूधाम के भाजपा नेता सुनील शर्मा के बीच संगठन चुनावों पर हुई बातचीत दो बार वायरल हो चुकी है।