चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 में एमबीबीएस की एससी वर्ग की 23 खाली सीटों पर दाखिले के लिए 23 सितंबर को काउंसलिंग होगी। यह प्रक्रिया पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 16 सितंबर 2026 के आदेश के बाद शुरू की जा रही है। काउंसलिंग सुबह नौ बजे अस्पताल के ब्लॉक-डी, लेवल-2 स्थित बोर्ड रूम में होगी।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जीएमसीएच-32 की अकादमिक शाखा ने काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर काउंसलिंग स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जरूरी दस्तावेज साथ लाने और अकादमिक शाखा की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। जीएमसीएच-32 में एमबीबीएस की कुल 200 सीटें हैं। इनमें यूटी पूल के तहत दाखिले की प्रक्रिया के दौरान एससी वर्ग की 23 सीटों पर दाखिला नहीं हो सका था। अब हाईकोर्ट के निर्देश के बाद इन सीटों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
अकादमिक शाखा ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे काउंसलिंग के लिए समय पर पहुंचें और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करें। विभाग की ओर से काउंसलिंग से संबंधित जरूरी निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि खाली सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया तय नियमों के अनुसार पूरी की जा सके।