लुधियाना। नगर निगम में सफाई कर्मचारियों, सीवरमैन और नंबरदारों की बदली व तैनाती को लेकर विपक्षी पार्षदों ने नाराजगी जताई है। इसी मुद्दे पर पार्षदों ने जोन-डी में नगर निगम कमिश्नर के साथ बैठक कर मांग पत्र सौंपा। पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम हाउस के गठन के बाद पिछले करीब एक साल से वार्डों में कार्यरत सफाई, सीवरेज और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के तबादले बिना इलाका पार्षदों की सहमति के किए जा रहे हैं, जिससे शहर की सफाई और सीवरेज व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
पार्षदों ने कहा कि वार्डवासी सफाई व सीवरेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे अपने पार्षद से संपर्क करते हैं। ऐसे में बिना सहमति कर्मचारियों के तबादले से व्यवस्थाएं बिगड़ जाती हैं और नए कर्मचारियों को क्षेत्र की जानकारी हासिल करने में समय लगता है। इसका सीधा असर आम जनता को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं पर पड़ता है।
आरोप लगाया गया कि पार्षद की सहमति से तैनात कर्मचारियों को सत्ताधारी दल की सिफारिशों पर बार-बार बदला जा रहा है, जबकि विपक्षी पार्षदों की राय को नजरअंदाज किया जा रहा है। कई वार्डों में एक ही साल में पांच से सात बार सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन के तबादले किए जा चुके हैं। बैठक में पार्षद गौरव भट्टी, जसविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह बावा, हरजिंदर पाल, चतरबीर सिंह, सतनाम सिंह, पार्षद पति मोनू खिंडा, स्वर्णदीप चाहल और सतनाम ढिल्लो सहित कई पार्षद मौजूद रहे।