चंडीगढ़। चितकारा स्कूल से लेकर धनास तक जाने वाली सड़क का निर्माण नहीं होने पर भाजपा पार्षद कुलजीत सिंह संधू सोमवार को धरने पर बैठ गए। उनके धरने के कुछ ही समय बाद प्रशासन की टीम हरकत में आई और सड़क निर्माण शुरू कर दिया। मौके पर एसडीओ और एसई स्तर के अधिकारी भी पहुंचे।
पार्षद संधू ने बताया कि यह सड़क 12 साल से टूटी हुई है और प्रतिदिन लाखों लोग इस मार्ग से गुजरते हैं। कई बार मांग करने के बावजूद सड़क नहीं बनी। वी-3 की यह सड़क अब नगर निगम से प्रशासन को हैंडओवर हो चुकी है।
धरने से पहले उन्होंने रविवार की शाम आंदोलन की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासन ने सड़क का कुछ हिस्सा रातों-रात बना दिया, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि महज 12 घंटे के अंदर ही सड़क की बजरी निकलने लगी।
नगर निगम ने इस सड़क के निर्माण के लिए पहले 2.90 करोड़ रुपये का बजट पास किया था लेकिन राशि न आने के कारण काम नहीं हो सका। बाद में सड़क प्रशासन को हैंडओवर कर दी गई। धरने में पार्षद के साथ देशराज, सुनील दत्त, शिवकर राणा, पुरा पहलवान, रिंकू संधु समेत कई लोग मौजूद थे। धरने का उद्देश्य सिर्फ सड़क बनवाना ही था, साथ ही प्रशासन को चेतावनी देना भी कि जनता की समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई हो।