केंद्र सरकार की ओर से पंजाब सरकार को भेजे गए सरकारी राशन को लोगों में सूबा सरकार की ओर से न बांटे जाने के विरोध में शुक्रवार को भाजपा नेताओं ने एक दिन का उपवास रखा। पंजाब भाजपा के सह मीडिया प्रभारी सुनील सिंगला ने कहा कि कैप्टन सरकार जानबूझ कर सरकारी राशन बांटने में देरी कर रही। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे संवेदनशील समय पर भी राजनीति कर लाभ लेना चाहती है।
कोरोना से जूझ रही दुनिया, कांग्रेस-बीजेपी चमका रही सियासत
कोविड-19 के चलते पूरा विश्व एक तरफ कोरोना वायरस से जंग लड़ रहा है। वहीं कांग्रेसी और भाजपाई एक दूसरे की सरकार को कोस रहे हैं। श्री कीरतपुर साहिब में भी राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने जमकर राजनीति चमकाई गई। इस दौरान सुबह से विभिन्न स्थानों पर कांग्रेसी वर्करों ने हाथ में झंडे लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी किया।
सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस वर्कर पाली शाह कौड़ा, हिमांशु टंडन, जुगराज बिल्लू व अन्य ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब से सौतेला व्यवहार कर रही है। आर्थिक तौर पर पंजाब दिन प्रतिदिन कमजोर हो रहा है। केंद्र सरकार को पंजाब को बड़ा पैकेज देना चाहिए।
चहेतों को राशन बांटने पर जताया रोष
वहीं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब सरकार कोविड-19 की जंग में भी राजनीति कर रही है। गरीब तथा आर्थिक तौर पर पूरी तरह कमजोर लोगों को मिलने वाली राहत सामग्री को राजनीति के चलते ज्यादातर कांग्रेस नेताओं ने अपने चहेतों को वितरित किया। केंद्र सरकार द्वारा भेजा गया राशन आम जनता की बजाए कांग्रेसी नेताओं के हत्थे चढ़ गया। जिसको आम जनता की बजाए अपने चहेतों में बांट दिया, जिससे भाजपा के कार्यकर्ताओं में रोष है। इस दौरान कैप्टन बलवीर सिंह, ज्योति प्रसाद, मैडम सोनिया, गुरिंदर सिंह इत्यादि ने रोष प्रकट करते हुए घरों में बैठकर धरना प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने तिरंगा फहराया।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सुनाम में भूख हड़ताल कर राज्य सरकार के खिलाफ रोष जताया। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से कोरोना संकट के मद्देनजर पंजाब में भेजे अनाज को कैप्टन सरकार ने जरूरतमंदों के बजाय अपने चहेतों को बांट दिया है। प्रदेश नेता विनोद गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने गेहूं व दाल भेजा लेकिन पंजाब में अनाज बांटने में राजनीति की गई है। कोरोना से बचाव में सरकार सभी मोर्चे पर फेल साबित हो रही है।
मुक्तसर: भाजपा नेताओं ने की भूख हड़ताल
केंद्र सरकार के समर्थन में शुक्रवार को भाजपा नेताओं ने भूख हड़ताल की। भाजपाइयों ने प्रधानमंत्री कल्याण योजना के तहत सूबे के एक करोड़ 42 लाख लोगों के लिए भेजे गए राशन को सही ढंग से न बांटने का आरोप लगाया। पार्टी के अनुसार जिले में चार सौ लोग अपने-अपने घरों पर सामाजिक दूरी बनाते हुए भूख हड़ताल पर बैठे। वहीं भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश पठेला, मंडल अध्यक्ष तरसेम गोयल, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप गिरधर, महासचिव अनुराग शर्मा, पार्षद रविंदर कटारिया, कैशियर मुकेश सत्संगी, हरजोत सिंह आदि जलालाबाद रोड स्थित लाला नत्थू राम सिंघल सर्वहितकारी विद्या मंदिर में भूख हड़ताल की। फरीदकोट में भी भाजपा नेताओं ने भूख हड़ताल की।
जालंधर: पूर्व मंत्री कालिया ने समर्थकों संग किया उपवास
भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, प्रदेश सचिव अनिल सच्चर, मंडल अध्यक्ष राजेश जैन, राजीव वालिया, विनय सभ्रवाल व रजत मोहिंद्रू ने एक दिन का उपवास रखा। यह उपवास पूरे पंजाब में भारतीय जनता पार्टी नेा रोष स्वरूप रखा। भाजपाइयों ने कहा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना तहत 2.12 लाख मीट्रिक टन राशन 1.42 करोड़ लोगों में मुफ्त बांटने के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार को दिया जा चुका हैं। एक महीना पूरा होने को हैं और अनाज का आवंटन अभी तक नहीं किया गया। पंजाब भाजपा के प्रवक्ता वसीम रजा की अगुवाई में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए उनके मोहल्ला वासियों ने अपने घरों के बाहर जागो कैप्टन जागो की तख्तियां लेकर बैठे रहे।
केंद्र सरकार से राहत पैकेज की मांग को लेकर कांग्रेस वर्करों और नेताओं ने अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराए। सांसद चौधरी संतोख सिंह अपनी टीम व विधायकों के साथ कांग्रेस भवन पहुंचे और ध्वज फहराया। वहीं कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने अपने घरों में ध्वज फहराए। पंजाब खादी बोर्ड के निदेशक और सीनियर कांग्रेसी नेता मेजर सिंह ने मॉडल हाउस रोड पर साथियों के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहरा कर मांग की कि पंजाब को आर्थिक रूप से मदद दी जाए।
मेजर सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए लागू किए गए कर्फ्यू से पंजाब आर्थिक रूप से कमजोर हुआ है और यहां पर इंडस्ट्री कृषि क्षेत्र कारोबारियों को मदद की जरूरत है। कांग्रेस भवन में सांसद चौधरी संतोख सिंह के साथ विधायक लाडी शेरोवालिया, विधायक सुरिंदर चौधरी, परगट सिंह, राजिंदर बेरी, बावा हेनरी के अलावा पंजाब वाटर रिसोर्स के चेयरमैन जगबीर बराड़ भी मौजूद थे। कांग्रेसियों ने मजदूर एकता जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
मुक्तसर: कांग्रेसियों ने तिरंगे फहरा केंद्र के खिलाफ जताया रोष
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ के आह्वान पर शुक्रवार को मलोट में कांग्रेसियों ने अपने-अपने घरों के बाहर सामाजिक दूरी बनाते हुए तिरंगे फहराकर केंद्र के खिलाफ रोष जताया। इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र पर पंजाब के साथ पक्षपात का आरोप लगाते हुए पंजाब के लिए विशेष पैकेज की मांग की। आढ़ती एसोसिएशन मलोट की ओर से अनाज मंडी में पूर्व पार्षद संतोष गगनेजा, पंजाब प्रदेश कांग्रेस सचिव बलदेव कुमार गगनेजा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तथा गुरुद्वारा रोड गली नंबर पांच में सत्गुरुदेव पप्पी के नेृत्तव में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों के बाहर तिरंगे फहरा रोष जताया।