फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में कोरोना से चार की मौत, 177 नए पॉजिटिव मिले, अब तक 102 लोगों की गई जान

Mon, 22 Jun 2020 04:00 PM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, चंडीगढ़/पंजाब
विज्ञापन
कोरोना वायरस
विज्ञापन

कोरोना वायरस से सोमवार को लुधियाना में दो और पटियाला और जालंधर में एक-एक मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही पंजाब में महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 102 पर पहुंच गया है। वहीं, एक ही दिन में कोरोना के 177 नए पॉजिटिव केसों के सामने आने से राज्य में महामारी की रफ्तार को लेकर चिंता बढ़ गई है। राज्य में कोरोना पीड़ितों की कुल संख्या 4235 हो गई है। हालांकि सोमवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों से 125 मरीजों के स्वस्थ होने की राहत भरी खबर भी आई है। इससे राज्य में कोरोना को मात देने वालों की कुल संख्या 2825 पहुंच गई है।

विज्ञापन


21 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट, 5 वेंटिलेटर पर
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 246760 संदिगध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। विभिन्न अस्पतालों के आइसोलेशन वार्डों में इस समय 1309 लोगों की सेहत पर निगरानी रखी जा रही है। इनमें से 21 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 5 वेंटिलेटर पर हैं। सोमवार को जिन 125 लोगों के ठीक होने की खबर आई, उनमें लुधियाना के 66, अमृतसर के 24, नवांशहर के 9, संगरूर के 6, होशियारपुर व रोपड़ के 4-4, पठानकोट व मोगा के 3-3, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब और गुरदासपुर के 2-2 मरीज शामिल हैं।

फिरोजपुर में मिले सात संक्रमित मरीज
गुरुग्राम से लौटे तीस वर्षीय युवक समेत सात लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कुछ दिन पहले सीट मेकर जतेंद्र कुमार दिल्ली से लौटा था, वो कोरोना पॉजिटिव था, अब उसके घर के चार सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गुरुग्राम से लौटे युवक का पिता रेलवे पावर हाउस में स्टोर बाबू है, इसी के घर से सभी मुलाजिम पानी पीते रहे हैं और बाबू से रोजाना सैकड़ों मुलाजिम मिलते हैं। बताया जा रहा है कि पावर हाउस के लगभग दो सौ मुलाजिम कोरोना से प्रभावित हो सकते हैं।
विज्ञापन


सीट मेकर जतेंद्र वासी जामल वाला चौंक (मल्लांवाला) दिल्ली से लौटा था और कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उसके बाद उसके परिवार और रिश्तेदारों के कोरोना संबंधी टेस्ट लिए गए थे। सोमवार को जितेंद्र के पिता लक्ष्मण दास, मां, पत्नी कर्मजीत कौर व बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लक्ष्मण दास अपने कई रिश्तेदारों से मिला है, उन सभी लोगों के सेहत विभाग सैंपल लेगा। गुरुग्राम से लौटे अभिषेक पुत्र संजीव कुमार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

अभिषेक का घर रेलवे पावर हाउस के बिल्कुल साथ है। पिता संजीव पावर हाउस में स्टोर बाबू है, इसीलिए पावर हाउस के अधिकारी व मुलाजिम संजीव के घर से पानी मंगवाकर पीते हैं। यही नहीं संजीव से रोजाना सैकड़ों मुलाजिमों से संपर्क होता है। सेहत विभाग उन सभी लोगों के सैंपल लेगा, जो अभिषेक के परिवार वालों से मिलते जुलते रहे हैं।  प्रितिका पत्नी कमल वासी गोल्डन इनक्लेव और विपन वासी खारेके उताड़ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी तक फिरोजपुर में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय में कोरोना मरीजों की संख्या 13 हैं, जिनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।

बठिंडा: कोरोना के छह नए मामले आए सामने

जिले में सोमवार को कोरोना के छह नए केस सामने आए। 114 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। डीसी बी श्रीनिवासन ने बताया कि छह नए संक्रमित लोगों में एक महिला, दो पुलिस कर्मचारी शामिल हैं। इनमें से एक संक्रमित व्यक्ति पहले ही अपना उपचार लुधियाना के एक अस्पताल में करवा रहा है। बाकी पांच संक्रमित लोगों का सरकारी एकांतवास में उपचार चल रहा है। डीसी ने बताया कि छह संक्रमित लोगों में से तीन तलवंडी साबो से संबंधित हैं। 

लुधियाना में तीन मरीजों की मौत, तीस नए मरीज आए सामने
लुधियाना में कोरोना का कहर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को शहर में कोरोना के तीस नए मरीज सामने आए। तीन लोगों की कोरोना के कारण जान भी चली गई। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि शहर में कोरोना पॉजिटिव तीन मरीजों की मौत हुई है। इन मरीजों को और भी बीमारी थी। इनमें एक महिला की मौत पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में हुई है। इसके अलावा एसपीएस अस्पताल में एक 61 साल के व्यक्ति और फोर्टिस अस्पताल में 63 साल के व्यक्ति की मौत हुई है। 

सिविल सर्जन के मुताबिक यह तीनों कोरोना पॉजिटिव थे। लुधियाना में सोमवार को तीस रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। 26 सरकारी लैब और तीन प्राइवेट लैब की हैं। उन्होंने बताया कि कंटेनमेंट जोन प्रेम नगर में 16 नए मरीज सामने आए है। तीन पुलिस मुलाजिम की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जिनमें से सावन विहार जमालपुर 54 साल का एएसआई, गुरु हरकिशन नगर 33 फुटा च्यासपुरा, 46 साल का पुलिस मुलाजिम और ट्रैफिक में तैनात शिमलापुरी निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। 

दिल्ली से लौटी बब्बरी नंगल की दो महिलाएं मिलीं पॉजिटिव
गांव बब्बरी नंगल की दो बहनें कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। उक्त दोनों बहनें 16 जून को दिल्ली से लौटी थीं। दोनो बहनों को गुरदासपुर स्थित मेरिटोरियस स्कूल में आईसोलेट किया गया है। उक्त मरीजों के साथ ही जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या हुई 17 और कुल मरीजों की संख्या 185 हो गई है। दोनों बहनें दिल्ली के बदरपुर बार्डर के पास रहती थीं। 16 जून को बस से गुरदासपुर आई थीं। दोनों ने नौशहरा मज्जा सिंह में सैंपल दिए जहां यह पॉजिटिव पाई गई हैं। रविवार को जिले से संबंधित पांच लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें बटाला के चार और गुरदासपुर के बरियार का एक व्यक्ति शामिल है जो हरियाणा से लौटा था।

पठानकोट में हेल्थ इंस्पेक्टर समेत 7 नए संक्रमित
जिले में सोमवार को कोरोना पाजिटिव 7 मरीज और मिले हैं। 373 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना पाजिटिव मिले सिविल सर्जन आफिस में तैनात हेल्थ इंस्पेक्टर, अंगूरा वाला बाग मोहल्ला शक्ति नगर निवासी व्यक्ति, शाहपुर रोड के कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए व्यक्ति, महिला और 10 वर्षीय बच्ची की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। पहले से कोरोना संक्रमित पाए गए सर्जन आफिस में तैनात कर्मी की पत्नी व मां भी रिपोर्ट पाजिटिव आई हैं। सिविल सर्जन डा.विनोद सरीन की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना पॉजिटिव आए इन 7 लोगों को चिंतपूर्णी मेडिकल कालेज में आईसोलेट किया गया है। बता दें कि जिले में अब तक कुल 189 कोरोना पाजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें 134 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। मोहल्ला सुंदरनगर,मीरपुर कालोनी, सुजानपुर, इंदिरा कालोनी, चक माधो सिंह और मामून के 6 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जिले में इस समय 49 केस एक्टिव हैं।

दिल्ली से लौटे सुनारों की गली से 7 लोग सहित 13 नए संक्रमित

फाजिल्का में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। रविवार बाद दोपहर 6 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद देर रात 13 अन्य लोग भी कोरोना से पीड़ित पाए गए। इसमें से 7 लोग उनके सुनारों की गली के हैं, जिन्होंने दिल्ली से आने के बाद यात्रा इतिहास छुपाया। 13 नए मामले आने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन को लिखित कहा है कि ट्रेवल हिस्ट्री छुपाने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाए।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 13 संक्रमितों में से 7 लोग जंगलियां गली फाजिल्का के निवासी हैं। जहां से दो सगे भाई व उनकी ताई संक्रमित पाई गई थी। जांच में पता चला था कि दोनों भाई दिल्ली जाकर आए और इन्होंने यात्रा इतिहास प्रशासन से छुपाया। इसी प्रकार 3 बीएसएफ के जवान, एक पुलिस कर्मचारी और 2 अन्य का यात्रा इतिहास दिल्ली और यूपी से जुड़ा है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर जलालाबाद भेजते हुए इनके संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेने शुरू कर दिए हैं।

 जालंधर : कांग्रेसी पार्षद के बेटे समेत 47 नए केस मिले, संख्या 564 तक पहुंची
जिले में सोमवार को कोरोना के 47 नए मरीज मिलने से संख्या 564 तक पहुंच गई है। नए मिले मरीजों में वार्ड नंबर 37 से कांग्रेसी पार्षद कमलेश ग्रोवर के बेटे अनमोल ग्रोवर के अलावा छह पुलिस मुलाजिम भी शामिल हैं। वहीं भार्गव कैंप में एक ही परिवार के आठ सदस्य पॉजिटिव आए हैं। अनमोल ग्रोवर के पॉजिटिव आने से कई लोगों के संक्रमित होने का खतरा बन गया है।

2 दिन पहले उन्होंने निजात्म नगर में खराब सड़क के मामले में लोगों के साथ प्रदर्शन किया था। इस दौरान इलाके के लोगों के अलावा कई मीडियाकर्मी भी मौके पर गए थे। निगम की बीएंडआर एडहॉक कमेटी के चेयरमैन जगदीश गग भी उनसे मिले थे। अब सेहत विभाग के लिए उनके कांटेक्ट खोजकर चेन तैयार करना काफी चुनौती भरा कार्य होगा। शहर में सोमवार को आए 47 केसों में सबसे ज्यादा भार्गव कैंप और राम नगर से हैं।

सेहत विभाग के लिए परेशानी यह बन गई है कि शहर के सबसे तंग व संकरे इलाकों में कोरोना ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। भार्गव कैंप में एक ही परिवार के आठ तो राम नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों को कोरोना हुआ है। दोनों इलाके काफी तंग हैं और लोग छोटे छोटे मकानों में रहते हैं। इसके अलावा सेठ हुक्म चंद कालोनी, गांधी कैंप, तेज मोहन नगर, गुरू नानक पुरा, नागरा, चंडीगढ़ मोहल्ला, बस्ती दानिशमंदा, हाऊसिंग बोर्ड कालोनी के मरीज शामिल हैं। इसके अलावा जालंधर देहात के शाहकोट, आदमपुर, गांव बोपाराए, नूरमहल, भोगपुर, नकोदर, भोगपुर, नई आबादी और फिल्लौर में कोरोना संक्रमित मिले हैं।

अमृतसर में 35 नए मरीज मिले

अमृतसर में दो पुलिस अधिकारियों सहित 35 नए पॉजिटिव केस रिपोर्ट हुए। अब तक अलग-अलग थानों में तैनात 19 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। सोमवार को मिले संक्रमित केसों में सात ऐसे मरीज हैं जो कोरोना पीड़ितों के संपर्क में आए थे। शहर के पॉश इलाका दूनी चंद रोड से तीन, गुरबख्श नगर से दो व वृंदावन एन्क्लेव व सिंगार एवेन्यू से एक-एक मरीज मिला है।

शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या 808 हो गई है। वहीं कोरोना मुक्त होकर सामान्य जीवन जी रहे लोगों को प्लाज्मा डोनेट करने को मेडिकल स्टूडेंट्स जागरूक करेंगे। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल में संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा थेरेपी को स्वीकृति प्रदान की है। 

कोरोना मुक्त हो चुके लोगों के रक्त से प्लाज्मा लेकर संक्रमित मरीज का इलाज किया जाएगा, जिससे उनके शरीर में कोरोना से लड़ने को रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होगी लेकिन कोरोना मुक्त हो चुके लोग प्लाज्मा डोनेट करने को तैयार नहीं हैं। अब सरकारी मेडिकल कॉलेज की रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने जागरूकता अभियान चलाया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. जसमिंदर प्रताप सिंह ने कहा कि जो लोग कोरोना मुक्त हुए, उन्हें स्वस्थ्य करने में डॉक्टरों ने दिन रात मेहनत की। ये मरीज दूसरों को जीवन दे सकते हैं। अभी लोग प्लाज्मा डोनेट करने के लिए आगे नहीं आ रहे, इसलिए हम उनसे अपील कर रहे हैं।  

बरनाला: रिपेार्ट पॉजिटिव आते ही घर से भागी महिला
कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही कस्बा शहणा में अपने घर में क्वारंटीन महिला परिवार समेत घर से फरार हो गई। यह सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग व पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। महिला का सैंपल 17 जून को लिया गया था। नोडल अधिकारी डॉ. मुनीष कुमार ने बताया कि महिला एक सप्ताह पहले दिल्ली से शहणा आई थी। उसे घर में क्वारंटीन किया गया था। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। एसएमओ डॉ. जसवीर सिंह औलख ने कहा कि महिला को जल्द ढूंढा जाना जरूरी है। एसपी रुपिंदर भारद्वाज ने कहा कि महिला की तलाश में पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। 

होशियारपुर: सोमवार को नहीं आया कोई नया पॉजिटिव केस 

सोमवार को जिले में कोई नया कोरोना पॉजिटिव केस नहीं पाया गया। अब तक 137 कोरोना पीड़ित व्यक्ति ठीक होकर घर जा चुके हैं जबकि 22 एक्टिव केस जिले में हैं। सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि अब तक 10333 सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज 431 सैंपल लिए गए हैं व 865 सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है।

उन्होंने कहा कि अब तक लिए गए 10333 सैंपलों में से 9601 निगेटिव व 547 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। उन्होंने कहा कि 27 सैंपल इनवैलिड पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक पॉजिटिव केसों की गिनती 164 हो गई है, जिनमें से 22 एक्टिव केस हैं व 5 मरीजों की मौत हो चुकी है।

फरीदकोट: थाना कोतवाली में बंद आरोपी और एक महिला पॉजिटिव 
थाना कोतवाली में बीती 16 जून से पुलिस हिरासत में चल रहे एक आरोपी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा दूसरे प्रदेश से लौटी बलबीर बस्ती की एक महिला भी संक्रमित मिली है। इन दो नए मामलों के सामने आने से अब फरीदकोट में एक्टिव मरीजों की संख्या 13 हो गई है।

सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि एक दिन पहले भी दो महिलाओं समेत कुछ लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। इनमें से एक प्रवासी मजदूर तरनतारन जा चुका था। इसके बारे में वहां के स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर दिया गया है। एक्टिव केसों में से 11 का फरीदकोट और 1 का डीएमसी लुधियाना में उपचार चल रहा है। 

उधर थाना कोतवाली में बंद आरोपी की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने थाने में तैनात सभी अधिकारियों व कर्मियों को क्वारंटीन कर दिया है। थाने को सैनिटाइज किया जा रहा है। यह आरोपी गुरदासपुर का टिप्पर चालक है और कुछ दिन पहले फरीदकोट जेल में बजरी सप्लाई करने आया था। 

टिप्पर की तलाशी लेने पर उससे भांग बरामद हुई थी। इसके बाद केस दर्जकर उसे पुलिस को सौंप दिया गया था। उक्त आरोपी की अदालत ने जमानत मंजूर कर ली थी लेकिन कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट नहीं आने की वजह से वह अब तक थाने में ही बंद था। 16 जून को आरोपी के लिए गए सैंपल की रिपोर्ट में तकनीकी खामी रह गई थी। इसके बाद सोमवार सुबह दोबारा सैंपल लिए गए थे, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
विज्ञापन

पटियाला: राजिंदरा के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, डिप्टी एमएस समेत नौ स्टाफ क्वारंटीन

मालवा के जाने-माने सरकारी राजिंदरा अस्पताल में हड़कंप की स्थिति है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. पीके पांडव, डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट समेत अस्पताल के नौ स्टाफ सदस्यों को क्वारंटीन कर सैंपलिंग की है। यह फैसला रविवार को मेडिकल सुपरिंटेंडेंट दफ्तर के एक क्लर्क की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद लिया गया। 

अस्पताल के ही 39 स्टाफ सदस्यों के नाम अभी विचाराधीन हैं। अभी इनमें कोरोना के लक्षण नहीं है। सोमवार देर शाम आए बुलेटिन में राजिंदरा के एमएस व डिप्टी एमएस की रिपोर्ट निगेटिव रही। फिलहाल इन्हें क्वारंटीन रखा जाएगा। राजिंदरा अस्पताल की छह नर्सों समेत 11 स्टाफ बीते शुक्रवार को संक्रमित पाए गए थे।

इनके संपर्क में आए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट दफ्तर के एक क्लर्क का जब विभाग ने सैंपल लिया तो रविवार को वह संक्रमित मिला। इसके बाद मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट व सात अन्य स्टाफ सदस्यों को क्वारंटीन कर इनके सैंपल लेकर जांच को भेजे गए। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि रविवार को अस्पताल में एमएस दफ्तर के जिस क्लर्क को पॉजिटिव पाया गया था, उसके संपर्क में आए 39 और स्टाफ के नाम भी विचाराधीन हैं। हालांकि अभी उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं हैं फिर भी इन सभी की स्क्रीनिंग की जा रही है।

फतेहगढ़ साहिब में एक दिन में कोरोना के 10 केस
फतेहगढ़ साहिब में सोमवार को कोरोना के 10 नए केस आए। अमलोह बार काउंसिल अध्यक्ष भी पॉजिटिव मिले हैं। नौ केस गांव बदोछी कलां के हैं जिनमें 4 महिलाएं शामिल हैं। सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि बधौछी गांव में एक व्यक्ति ट्रैक्टर मैकेनिक के संपर्क में आया था जिसके संपर्क में आने से नौ लोग संक्रमित हो गए। इसके बाद जिले में कुल 24 केस है जो कोरोना एक्टिव हैं। जिले में अब तक कुल 100 केस हैं जो सामने आए हैं, जिनमें 76 ठीक होकर घर जा चुके हैं। 24 अभी भी एक्टिव हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें