अस्पताल की ओपीडी बंद होने के बाद पीजीआई की तर्ज पर जीएमएसएच 16 ने भी महत्वपूर्ण विभागों में टेली कंसल्टेशन सर्विस शुरू की है। इसमें आई, ईएनटी, मेडिसिन, सर्जरी, डेंटल, साइकेट्रिक और स्किन के विशेषज्ञ मरीजों को फोन पर परामर्श दे रहे हैं। इस सुविधा के अंतर्गत प्रतिदिन तीन से चार सौ मरीजों को इलाज उपलब्ध हो रहा है।
इमरजेंसी की स्थिति ज्यादा खराब
इमरजेंसी पर मरीजों का दबाव बढ़ने से व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। इमरजेंसी में गंभीर मरीजों के साथ कोरोना के संदिग्ध मरीजों के आने से वहां अतिरिक्त दबाव है। कर्मचारियों और डॉक्टरों को संक्रमण के खतरे के बीच ड्यूटी करनी पड़ रही है। ऐसी स्थिति से बचाव के लिए अस्पताल प्रशासन ने 6 मंजिल के इनडोर में 2 फ्लोर खाली कराकर वहां अन्य डिपार्टमेंट के मरीजों के लिए रिजर्व कर दिया है।
महिलाओं और बच्चों की सेहत का खास ख्याल
कोविड के दौरान अस्पताल की गाइनी और पीडियाट्रिक ओपीडी सेवा लगातार बहाल रखी गई है। शुरुआती दौर में संक्रमण के कारण इस सेवा में कई तरह की बाधाएं आईं, लेकिन व्यवस्था को संभालते हुए गर्भवती महिलाओं और बच्चों को इलाज देने का क्रम जारी रखा गया। अस्पताल के गाइनी डिपार्टमेंट के डॉक्टरों व स्टाफ की मेहनत और सूझबूझ के बल पर अब तक वहां डेढ़ दर्जन कोरोना पॉजिटिव गर्भवतियों की सफल डिलीवरी कराई जा चुकी है।
कोरोना के चलते मरीजों को न तो समय पर इलाज मिल पा रहा है और न ही दवाइयां। ऐसी स्थिति में प्रशासन को मरीजों की बेहतरी के लिए उचित उपाय करने की जरूरत है ताकि कोरोना के साथ अन्य बीमारियों पर काबू पाया जा सके।
- किरण देवी, रामदरबार
कोरोना के साथ अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज पर फोकस करने की जरूरत है, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। जीएमएसएच 16 और पीजीआई की टेली कंसल्टेशन में इसे लेकर बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं।
- कप्तान सिंह, हल्लोमाजरा
कोरोना के दौरान अस्पतालों में सोशल डिस्टेंसिंग, स्क्रीनिंग और से सैनिटाइजेशन की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। अभी भी वहां सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिस कारण कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं।
- दलबीर सिंह, हल्लोमाजरा
अस्पतालों की टेलीकंसल्टेशन सर्विस में जारी नंबर लगते ही नहीं। इससे मरीज परेशानी हो रहे हैं। जीएमएसएच 16 के अस्पताल प्रशासन को इसमें सुधार करने की जरूरत है। क्योंकि इस समय टेली कंसल्टेशन ही अन्य मरीजों के लिए राहत का माध्यम बना हुआ है।
- तारा शंकर तिवारी, कॉलोनी नंबर 4
देखें वीडियो: हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब भी करें-