श्रमिक स्पेशल ट्रेन से चंडीगढ़ से भागलपुर जा रहे एक श्रमिक की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। मृतक के साथ श्रमिक स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने बताया कि ट्रेन चंडीगढ़ स्टेशन से मंगलवार को दो बजे दिन में रवाना हुई थी। रास्ते में मृतक मजदूर की तबीयत खराब हो गई। रास्ते में उसे कोई मेडिकल सुविधा नहीं मिली।
ट्रेन बुधवार दोपहर बाद 3. 32 बजे भागलपुर पहुंची तो वह व्यक्ति स्टेशन पर लड़खड़ाकर गिर गया। रेलवे स्टेशन पर मौजूद पुलिसकर्मी और स्वास्थ्य विभाग की टीम तेज बुखार की शिकायत पर पहले उसे सदर अस्पताल लेकर गई। इसके बाद जिले के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल में (जेएलएनएमसीएच) दाखिल करवाया, जहां उसे 102 डिग्री बुखार था।
दाखिल होने के बाद उसकी तबीयत और बिगड़ती गई। उसे तत्काल वेंटिलेटर पर रखा गया। लेकिन उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रंगरा चौक प्रखंड के जहांगीरपुर बैसा गांव निवासी अनिरुद्ध के रूप में रूप में हुई है। इसकी पुष्टि अस्पताल के अधीक्षक डॉ. रामचरित्र मंडल ने की है।