पंजाब में कोरोना वायरस से प्रभावितों का आंकड़ा सोमवार को बढ़कर 180 पर पहुंच गया। 24 घंटे के दौरान 9 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें लुधियाना के एसीपी नार्थ भी शामिल हैं। यह सूचना मिलते ही तीन एसएचओ सहित 15 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया। एसीपी की हालत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
सोमवार को पठानकोट में छह, लुधियाना में एक और जालंधर में दो नए मामले मिले। लुधियाना और जालंधर में एक केस को छोड़कर बाकी सभी मामले पहले से कोरोना पीड़ित लोगों से करीबी संपर्क वालों के हैं। वहीं, मोहाली के जवाहरपुर में कोई नया केस नहीं आने और नवांशहर में दो और मरीजों के ठीक होने की राहत भरी खबर भी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 4480 संदिग्ध लोगों के सैंपलों की जांच की गई है। इनमें से 3858 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि 446 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 139 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कर गहन निगरानी की जा रही है। इनमें से एक व्यक्ति को वेंटिलेटर पर रखा गया है जबकि 2 मरीजों को आक्सीजन सपोर्ट दिया गया है। कोरोना से राज्य में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि इस रोग से ठीक हुए लोगों की संख्या भी बढ़कर 25 तक पहुंच गई है।
एसीपी का नहीं है कोई यात्रा इतिहास
कोरोना पॉजिटिव पाए गए 52 वर्षीय एसीपी बीते कुछ दिन से बीमार थे। उन्हें एसपीएस अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका कोई यात्रा इतिहास नहीं है, ऐसे में यह मामला पेचीदा बन गया है। कोरोना की आशंका के चलते स्वास्थ्य विभाग ने उनका सैंपल जांच को भेजा था। थाना सलेमटाबरी प्रभारी, बस्ती जोधेवाल प्रभारी, थाना दरेसी प्रभारी, एसीपी के गनमैन और परिजनों सहित लगभग 15 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया। इनके सैंपल भेजे जाएंगे। वही, प्रशासन अब एसीपी के संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की जांच कर रहा है।
मोहाली में अब तक तक मिले 54 संक्रमित
जिलेवार प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, मोहाली जिला 54 मरीजों के साथ अब भी सबसे ऊपर बना हुआ है। यहां दो मरीजों की मौत हो चुकी है जबकि पांच अन्य ठीक हुए हैं। जालंधर जिले में 24 मरीजों में एक की मौत और 4 लोग ठीक हुए हैं। वहीं, नवांशहर के 19 मरीजों में एक की मौत के बाद 13 लोग ठीक हो चुके हैं। पठानकोट जिले में मरीजों की संख्या 22 हो गई है। अमृतसर और लुधियाना के 11-11 मरीजों में से 2-2 लोगों की मौत हो चुकी है। मानसा में भी 11 मरीजों का इलाज चल रहा है। होशियारपुर में 7, मोगा 4, फरीदकोट व रोपड़ में 3-3, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब, कपूरथला, पटियाला, संगरूर में 2-2 और मुक्तसर में 1 केस पॉजिटिव है।