जिले में कोरोना वायरस की स्थिति पूर्ण रूप से नियंत्रण में है तथा कोई भी नया मामला संज्ञान में नहीं आया है। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिले के 315 लोगों को निगरानी में रखा जा रहा है। इनमें से 300 व्यक्ति घरों में क्वारंटीन किए गए हैं। इसके अलावा दो व्यक्तियों को दिल्ली और एक व्यक्ति को गुरुग्राम में क्वारंटीन रखा गया है।
जिले के 103 लोगों ने 28 दिन की अवधि पूरी कर ली है। वर्तमान में सामान्य अस्पताल सेक्टर-6 के आइसोलेशन वार्ड में 5 व्यक्तियों को रखा गया है तथा 3 व्यक्तियों को कमांड अस्पताल में दाखिल किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि जिले के नाडा साहिब गुरुद्वारे में 4 व्यक्तियों को क्वारंटीन में रखा गया है। अब तक 51 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 39 व्यक्तियों की जांच रिपोर्टर निगेटिव आई है। अभी तीन व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। 8 व्यक्तियों के नमूने पीजीआई ने जांच के लिए हिस्ट्री व नॉर्म अनुसार पाए जाने पर नहीं लगाए।
सोमवार को नयागांव में रहने वाले बुजुर्ग के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद ही सेहत विभाग व प्रशासन हरकत में आ गया था। दोपहर को संक्रमित बुजुर्ग की मौत की खबर आई जिससे सेहत विभाग सांसत में आ गया। वहीं जिले में भी दहशत का माहौल बन गया। पंजाब के मुख्यमंत्री का आवास भी नयागांव से सटा है। हालांकि कुछ देर बाद पीजीआई ने स्पष्ट किया कि संक्रमित व्यक्ति का इलाज अभी जारी है। इसके बाद जिले ने राहत की सांस ली। सोमवार सुबह ही डीसी मोहाली ने ट्वीट कर नयागांव के 65 साल बुजुर्ग के संक्रमित होने की जानकारी दी थी।
699 ने पूरी की होम क्वारंटीन की अवधि
सोमवार को जहां एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने खबर सामने आने से एक बार फिर लोगों की सांसें अटक गईं। वहीं, सोमवार को राहत भरी खबर भी आई। सोमवार तक जिले के 699 लोगों ने होम क्वारंटीन की अवधि पूरी कर ली। इनमें किसी तरह का लक्षण नहीं पाया गया। डीसी गिरीश दयालन ने बताया कि कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में कलस्टर कंटेनमेंट रणनीति अपनाई जा रही है। इसमें भौगोलिक क्षेत्र को अलग रख कर लोगों व वाहनों की आवाजाही को रोका जाता है। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंस मेनटेन करने के उपाय करना, सभी संदिग्ध मामलों की जांच करना व रोकथाम के लिए सार्वजनिक उपायों की पालना कर सामाजिक जागरूकता लाना शामिल है।