शहर में 21 अप्रैल से 23 अप्रैल तक एक भी पॉजिटिव केस नहीं आया था। इस दौरान कयास लगाए जाने लगे थे कि अब कर्फ्यू में कुछ राहत मिलेगी, लेकिन रविवार और सोमवार को बड़ी संख्या में पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद अब राहत की उम्मीद टूट गई है। बड़ी समस्या यह है कि शहर के प्रमुख अस्पतालों के स्टाफ और डॉक्टरों कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। ऐसे में अब अधिकारियों का पूरा ध्यान किसी तरह पॉजिटिव मरीजों की संख्या रोकने पर है।
तीन पीजीआई स्टाफ समेत चार संदिग्ध मरीज भर्ती
सोमवार को पीजीआई के सीडी वार्ड में कोरोना वायरस के चार संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया। इनमें शहर के सेक्टर-4 स्थित ग्रीन वैली में रहने वाली पीजीआई की 25 वर्षीय नर्सिंग ऑफिसर, हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के तल्याहड़ की रहने वाली पीजीआई की नर्सिंग ऑफिसर, शहर के सारंगपुर की रहने वाले पीजीआई की स्टाफ अटेंडेंट और मोहाली की रहने वाली 36 साल की महिला को सीडी वार्ड में एडमिट किया गया है। इनके सैंपल टेस्ट को भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट देर रात या फिर मंगलवार सुबह तक आएगी।
आठ पॉजिटिव मरीज पीजीआई शिफ्ट
सोमवार को जीएमसीएच-32 से आठ कोरोना पॉजिटिव मरीजों को पीजीआई के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया। इनमें सेक्टर-26 बापूधाम कालोनी फेज-एक के रहने वाले जीएमसीएच-32 के वार्ड अटेंडेंट और उसके परिवार के चार लोगों के अलावा पीजीआई की नर्सिंग ऑफिसर और सेक्टर-32 के रहने वाले 25 वर्षीय युवक को पीजीआई शिफ्ट किया गया। इसके अलावा सोमवार को सुबह पॉजिटिव मिले जीएमसीएच-32 के दो डॉक्टरों को भी पीजीआई शिफ्ट किया गया।
जीएमसीएच-32 के एनेस्थीसिया विभाग के जिन दो डॉक्टरों में सोमवार को कोरोना की पुष्टि हुई है, उनके संपर्क में कुल 46 लोग आए हैं, जिनमें सेक्टर-49 की डॉक्टर के परिवार के 4 सदस्य और 3 लोग कम्युनिटी कांटेक्ट में जबकि सेक्टर-21 की डॉक्टर के परिवार के तीन सदस्य, 6 लोग कम्युनिटी कांटेक्ट में हैं। इनके अलावा इन दोनों डॉक्टरों के संपर्क में अस्पताल स्टाफ के कुल 30 लोग आए हैं। इन सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
कुराली के व्यक्ति की रिपोर्ट भी निगेटिव
पीजीआई में इलाज के दौरान कुराली के जिस संदिग्ध मरीज की रविवार को मौत हुई थी, उसकी भी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। बता दें कि कुराली के एक व्यक्ति के साथ डेराबस्सी की 4 माह की एक बच्ची और हरियाणा के ज्योतिसर की एक महिला की भी मौत के बाद कोरोना टेस्ट किया गया था। इन तीनों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है।
सेक्टर 26 बापूधाम निवासी कोरोना पॉजिटिव मरीज के मामले में सोमवार को एक नया मोड़ आया। कुछ दिन पूर्व एसएसपी नीलांबरी जगदले ने सेक्टर 26 में राशन वितरित किया था। वहां कोरोना पॉजिटिव मरीज भी उपस्थित था। इसके अलावा वहां काफी संख्या में कांग्रेस नेता व अन्य लोग भी मौजूद थे। अब अधिकारियों को डर है कि मोहाली के जवाहरपुर गांव का मामला कहीं चंडीगढ़ में न दोहरा जाए।
सोमवार को सुबह ही तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मरीजों के घर पहुंची। वहां घर वालों के अलावा आसपास के लोगों को भी क्वारंटीन किया गया। जब मरीजों का यात्रा इतिहास निकाला गया तो सेक्टर 26 निवासी मरीज के बारे में बड़ा तथ्य सामने आया।
कुछ दिन पहले ही सेक्टर 26 में एसएसपी गईं थीं। यहां जरूरतमंदों को राशन वितरित किया था। वहां कांग्रेस के नेता सहित कोरोना पॉजिटिव मरीज भी था। ऐसा ही मामला मोहाली के जवाहरपुर गांव में आया था। जहां सरपंच पूरे गांव में राशन बांट रहा था। बाद में सरपंच कोरोना पॉजिटिव मिला। उसके बाद गांव के 37 लोग संक्रमित मिले थे। प्रशासन को पूरा गांव ही सील करना पड़ा था।