लॉकडाउन के दौरान चिकित्सा और तनाव से संबंधित मुद्दों को प्रभावी ढंग से हल करने के लिए पंजाब सरकार ने नागरिकों के लिए विशेष हेल्पलाइन की शुरुआत की है। इसके जरिए आम लोग 1800 180 4104 नंबर पर टेली-कॉफ्रेंस पर वरिष्ठ डॉक्टरों के नेटवर्क से जुड़कर कोविड-19 के अलावा अन्य संबंधित चिंताओं से जुड़ी चिकित्सा सलाह प्राप्त कर सकते हैं।
वीरवार को इस संबंध में स्टेट कोविड कंट्रोल रूम टीम के सदस्य रवि भगत ने बताया कि कि चिकित्सा विशेषज्ञों के एक पैनल को इस मंच और इसके प्रोटोकॉल व कार्यप्रणाली संबंधी उपयुक्त प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि वे लॉकडाउन के मद्देनजर लोगों को चिंता से जुड़े मुद्दों पर उपयुक्त सलाह दे सकें।
रवि भगत ने कहा कि इस मंच के माध्यम से आपातकालीन चिकित्सा वाले मामलों की पहचान करके उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। इस मंच द्वारा प्रदान की जाने वाली सलाह आइसोलेशन, होम क्वारेंटीन और उन लोगों के लिए मामलों की पहचान करने में मदद करेगी, जिन्हें चिकित्सा की आवश्यकता है।
व्यापारी पार्सल की बुकिंग के लिए नंबर-138 पर कर सकते हैं संपर्क
रेल डिवीजन फिरोजपुर कोरोना के चलते रेलवे पार्सल भेजने वाले व्यापारियों व अन्य संस्थाओं से तीन मई तक कोई जुर्माना नहीं वसूल करेगा। व्यापारी पार्सल स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग के लिए नंबर-138 और 01632243413 पर संपर्क कर सकते हैं। यह जानकारी रेल डिवीजन फिरोजपुर के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विवेक शर्मा ने दी। शर्मा ने बताया कि अति आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु भारतीय रेलवे पार्सल भेजने वाले व्यापारियों और अन्य संस्थाओं से किसी भी प्रकार का जुर्माना शुल्क तीन मई तक नहीं वसूला जाएगा।
लॉक डाउन के कारण तीन मई तक सभी यात्री ट्रेन सेवा बंद है, लेकिन इस दौरान माल गाड़ियों तथा स्पेशल पार्सल ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से चल रहा है। जिससे देश के विभिन्न भागों में आवश्यक वस्तुओं का भेजने का सिलसिला जारी रहेगा। लॉक डाउन की स्थिति में लोडिंग व अनलोडिंग का कार्य सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए किया जा रहा है। शर्मा ने कहा कि सामाजिक दूरी के पालन के चलते मालगाड़ियों में लोडिंग व अनलोडिंग निर्धारित समय में पूर्ण नहीं हो पाती है।
इसीलिए रेलवे लॉक डाउन की अवधि तक किसी भी प्रकार का शुल्क जैसे-स्थान शुल्क विलंब शुल्क, स्टैकिंग, स्टेबलिंग इत्यादि नहीं वसूल करेगा। शर्मा ने बताया कि पार्सल स्पेशल ट्रेनों में आवश्यक सामानों की बुकिंग संबंधी एक पार्सल सेल का गठन किया गया है। इसके लिए मंडल ने हेल्प नंबर जारी किए हैं। व्यापारी व अन्य संस्थाएं नंबर-138 तथा टेलीफोन नंबर- 01632-243413 पर संपर्क कर पार्सल स्पेशल ट्रेन नंबर- 00464 (अमृतसर- हावड़ा), 00404 (जम्मू तवी-दिल्ली), 00912 (फिरोजपुर कैंट-मुंबई सेंट्रल), 00764 (अमृतसर- हैदराबाद) व 00902 (लुधियाना-बांद्रा टर्मिनस) के बारे में बुकिंग संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।