कोरोना महामारी के मद्देनजर देशभर में लॉकडाउन के दौरान हरियाणा में जमाखोरी और मुनाफाखोरी को लेकर सरकार बहुत ज्यादा सख्त है। इतना ही नहीं सरकार ने वस्तुओं के ज्यादा दाम वसूलने वाले दुकानदारों को भी चेतावनी दे रखी है। इसके बावजूद कई दुकानदार ऐसे हैं, जो संकट की इस घड़ी में भी लोगों की मजबूरियों का फायदा उठाने से चूक नहीं रहे हैं।
कई दुकानदार मुनाफाखोरी, जमाखोरी और ओवर प्राइसिंग जैसी करतूत कर रहे हैं। सरकार भी इन्हें बख्शने के मूड में नहीं है। नागरिक आपूर्ति, खाद्य एवं उपभोक्ता मामले विभाग ऐसे केसों को लेकर बहुत गंभीर है। विभाग के तहत हर जिले में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों की देखरेख में टीमें भी छापामारी कर रही हैं।
दुकानदारों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और उनके चालान भी हो रहे हैं। बहुत से दुकानदारों को चेतावनी भी जारी की गई है। वे नहीं माने तो अगली बार उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। लॉकडाउन के दौरान हालांकि सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों को लेकर किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।
दुकानदारों को भी लॉकडाउन की शुरुआत में ही यह चेतावनी दे दी गई थी कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों की कालाबाजारी, जमाखोरी और ओवर प्राइसिंग कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उसके बावजूद कई दुकानदारों ने अपना खेल जारी रखा।
13 पर एफआईआर
कई दुकानदारों ने जरूरी खाद्य पदार्थों को निर्धारित रेट से अधिक दाम पर बेचा। कई दुकानदारों ने मूंग दाल की जमाखोरी की। कई मुनाफाखोरी में फंस गए। जिलों में गठित टीमों ने दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। भिवानी में 10 किराना स्टोर वालों के चालान भी किए गए, जो जमाखोरी में संलिप्त थे। इसी तरह फरीदाबाद में 5, गुरुग्राम में 2, मेवात में 3, पानीपत में 2, रेवाड़ी में 1 दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं। यह सभी ओवर प्राइसिंग और कालाबाजारी में लिप्त थे।
309 ड्रग होलसेलर, कैमिस्ट संचालकों के चालान
हरियाणा में 309 होलसेलर और केमिस्ट संचालकों के भी चालान किए गए हैं। यह सभी मास्क और सैनिटाइजर की कालाबाजारी समेत अन्य अनियमितताओं में संलिप्त थे। अंबाला में 18, फरीदाबाद में 7, फतेहाबाद में 21, गुरुग्राम में 30, हिसार में 6, झज्जर में 3, जींद में 20, कैथल में 18, करनाल में 4, कुरुक्षेत्र में 14, पानीपत में 31, रेवाड़ी में 8, रोहतक में 116, सोनीपत में 7, यमुनानगर में 6 चालान किए गए हैं। मेवात एरिया में मास्क, सैनिटाइजर और दालों की कमी हो रही है, जबकि सोनीपत में मास्क और सैनिटाइजर की कमी हो गई है।
1453 दुकानदारों को चेतावनी
हरियाणा के विभिन्न जिलों में 1453 दुकानदारों को चेतावनी भी दी गई है और दबाव बनाया गया है कि सुचारु रूप से खाद्य पदार्थों की बिक्री करें। इस दौरान जमाखोरी, मुनाफाखोरी, ओवरप्राइसिंग कि कोई शिकायत ना मिले और सभी जरूरी 25 खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट भी दुकानों के बाहर चस्पा करें। इस कड़ी में अंबाला के 67, भिवानी के 143, चरखी दादरी के 72, फरीदाबाद के 7, फतेहाबाद के 294, गुरुग्राम के 25, हिसार के 96, झज्जर के 69, जींद के 126, करनाल के 22, कुरुक्षेत्र के 9, मेवात के 100, नारनौल के 19, पलवल के 15, पानीपत के 294, रेवाड़ी के 57, रोहतक के 6, सोनीपत के 23 और यमुनानगर के 2 दुकानदारों को चेतावनी देते हुए उन पर सुचारू सेवाएं देने का दबाव बनाया गया है।