दिल्ली में लगातार बढ़ रहे संक्रमण के मामलों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने हरियाणा में दिल्ली से आने-जाने वालों के लिए आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। सरकार ने दिल्ली के साथ लगती राज्य की सभी सीमाएं सील कर दी हैं। राज्य के गृहमंत्री अनिल विज ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) की ओर से जारी गाइडलाइन पर अमल किया जा रहा है, जिसमें अंतरराज्यीय सीमाओं को पूरी तरह से सील करने का आदेश है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में बीती रात दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी बातचीत हुई है। मनोहर ने दिल्ली में हरियाणा सरकार के भवन शालीमार बाग और सिंचाई भवन का रेस्ट हाउस तथा अन्य भवनों का प्रस्ताव दिया है। जिससे दिल्ली सरकार में कार्यरत हरियाणा के कर्मचारियों को इन स्थानों पर रखा जा सके। हालांकि अनिल विज का कहना है कि दिल्ली के पास पर्याप्त संख्या में अपने खुद के भवन हैं।
वहां पर तमाम होटल भी हैं। इसलिए दिल्ली सरकार को होटल अधिग्रहित कर लेने चाहिए। उनका इस्तेमाल भी कर्मचारियों को ठहराने के लिए हो सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में करीब 100 ऐसे क्षेत्र हैं जो हॉटस्पॉट बन चुके हैं। वहां पर संक्रमण चरम पर है। हरियाणा की सीमा दिल्ली के साथ लगती है। इसलिए सबसे अधिक सावधानी की जरूरत हरियाणा को है। इसीलिए हमने यह कदम उठाया है।
विज ने कहा कि थोड़े दिन की सावधानी से ही हरियाणा संक्रमण मुक्त हो सकता है। यदि दूसरे राज्यों से कोई संक्रमण का केस इन दो सप्ताह में नहीं आया तो हम हरियाणा को पूरी तरह से संक्रमण मुक्त करके दिखा सकते हैं। इसलिए यह सीमाएं सील की हैं। जिसमें सोनीपत, गुरुग्राम, झज्जर, फरीदबाद सभी इलाकों पर पैनी नजर रखी जा रही हैं।