पंजाब में कोरोना वायरस तेजी से पांव पसारने लगा है। सोमवार को राज्य में 132 नए पॉजिटिव केसों के साथ इस महामारी से पीड़ित होने वालों की संख्या 1232 तक पहुंच गई है। नए मामलों में 124 नांदेड़ से लौटे श्रद्धालुओं के हैं। वहीं, सोमवार को होशियारपुर के रहने वाले व्यक्ति की अमृतसर में मौत होने से राज्य में इस वायरस के कारण मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 24 हो गई है। अमृतसर स्थित श्री गुरुनानक देव अस्पताल में दम तोड़ने वाला व्यक्ति पिछले एक सप्ताह से यहां उपचाराधीन था। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी राज्य सरकार को भेज दी है।
218 मामलों के साथ अमृतसर बना सबसे बड़ा हॉटस्पॉट
सेहत विभाग की ओर से सोमवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, कोरोना पीड़ितों की संख्या के मामले में अमृतसर राज्य का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है। यहां कोरोना के 218 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, हालांकि सोमवार को कोई नया मामला सामने नहीं आया। दूसरे नंबर पर जालंधर (128) और तीसरे नंबर पर लुधियाना (110) हैं।
128 ने दी कोरोना को मात
सोमवार को मोहाली में 7, पटियाला में 3 और फरीदकोट में 1 मरीज के ठीक होने के साथ ही राज्य में इस रोग को पछाड़ने वाले लोगों की संख्या भी 128 हो गई है। सोमवार को विभिन्न जिलों में जो नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं, उनमें संगरूर में सबसे ज्यादा 52 केसों की पुष्टि हुई। ये सभी केस नांदेड़ से लौटे श्रद्धालुओं के हैं।
इनके अलावा तरनतारन में 26, बरनाला में 15, फिरोजपुर में 13, फरीदकोट में 12, गुरदासपुर में 6, जालंधर में 4, बठिंडा और मानसा में 1-1 और पठानकोट में 2 केस दर्ज किए गए हैं। खास बात यह भी है कि इनमें तरनतारन, बरनाला, फिरोजपुर, बठिंडा, फरीदकोट, मानसा में भी सभी पॉजिटिव केस श्री हजूर साहिब से लौटे श्रद्धालुओं के हैं।
28,545 सैंपल में से 21,295 निगेटिव मिले
सेहत विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 28,545 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 21,295 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। फिलहाल 6018 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 1081 लोगों को इलाज चल रहा है , जिनमें से 3 मरीज वेंटिलेटर पर और 1 आक्सीजन सपोर्ट पर है।
सेहत विभाग से मिले जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, अमृतसर में 218, जालंधर में 128, लुधियाना में 110, मोहाली में 95, होशियारपुर में 88, पटियाला में 86, नवांशहर में 85, संगरूर में 63, मुक्तसर में 49, फिरोजपुर में 42, तरनतारन में 40, गुरदासपुर में 36, बठिंडा में 36, मोगा में 28, पठानकोट 27, बरनाला 19, फरीदकोट में 18, मानसा में 17, फतेहगढ़ साहिब में 16, रोपड़ में 14, कपूरथला में 13 और फाजिल्का में 4 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।