कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए लॉकडाउन के साथ कर्फ्यू भी लगा हुआ है। ऐसे में लोगों को मेडिकल इमरजेंसी के समय अस्पताल जाने के लिए राहत दी गई है। मोहाली जिले के लोगों को अगर कोई मेडिकल इमरजेंसी की जरूरत के लिए अस्पताल जाना पड़े तो अब दिन-रात इमरजेंसी वाहन सेवा मुहैया करवाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। इसके लिए प्रशासन ने उबर असेंशल और उबर मेडिकल से समझौता किया है।
यह जानकारी देते हुए वीरवार को डीसी गिरीश दियालन ने कहा है कि अब 24 घंटे इमरजेंसी के लिए अगर किसी भी मरीज को अस्पताल पहुंचाना है तो उबर सिर्फ डॉक्टरी जरूरतों के लिए बीमार रोगियों को सरकारी/प्राइवेट असप्ताल/क्लीनिक/फार्मेसी में ले जाया जा सकेगा। हां इस दौरान वाहनों में दो से अधिक लोग ड्राइवर के अलावा अस्पताल नहीं ले जा सकेंगे। इस सुविधा का इस्तेमाल करने वाले लोगों को कर्फ्यू पास की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इसका रिकॉर्ड प्रशासन अपने पास रखेगा और निर्धारित खर्च उबर इंडिया की तरफ से किए जाएंगे। इसमें कोई अतिरिक्त कीमत शामिल नहीं होगी। पारदर्शिता को यकीनी बनाने के लिए उबर सारे वाहनों की यात्रा की रिपोर्ट रोजाना के आधार पर नामजद नोडल अफसर को देंगे। इसके साथ ही तय समय पर ड्राइवरों की सेहत जांच, वाहन की सैनिटाइजेशन और मास्क व हैंड सैनिटाइजर के इस्तेमाल को यकीनी बनाया जाएगा।
इसके अलावा उबर मेडिकल सेहत और जिला प्रशासन समेत सबसे फ्रंट लाइन में सेवा निभा रहे अधिकारियों के इस्तेमाल के लिए 20 वाहन मुहैया करवाएगा। लेकिन प्रशासन के पास पहले ही जरूरत के वाहन हैं। ऐसे में उबर इंडिया की ओर से मुफ्त मुहैया करवाए जा रहे 20 वाहन को कम आमदनी समूह के लोगों को सरकारी अस्पताल में लाने और छोड़ने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
वहीं, उबर इंडिया की ओर से 20 वाहनों में से 16 दिन और 4 रात के समय सिविल सर्जन, मोहाली के इस्तेमाल के लिए आगे जिला अस्पताल, एसडीएच, सीएचसीज आदि में इस्तेमाल किए जाएंगे। इन वाहनों की सेवा के लिए कोई भी व्यक्ति सेहत विभाग के कंट्रोल रूम 0172-2270091 / 78146-41397 पर संपर्क कर सकता है। कंट्रोल रूम में विनती एसएमओ एमओ इंचार्ज को कर सकते हैं। वहीं, इस सेवा का दुरुपयोग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि सचिव आरटीए मोहाली (9872630545) इस सेवा के नोडल अफसर होंगे। वह इस सेवा पर नजर रखेंगे।