कोरोना के खतरे के मद्देनजर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में बुधवार से श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग शुरू कर दी जाएगी। अगर इस दौरान कोई संदिग्ध पाया गया तो उसे अस्पताल में दाखिल करवाया जाएगा। इसके अलावा मुख्य भवन के भीतर दर्शन करने के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को छोटी-छोटी टुकड़ियों में भेजा जा रहा है।
एसजीपीसी के सीनियर उपाध्यक्ष राजिंदर सिंह मेहता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसजीपीसी कार्यकारिणी के सदस्यों और डीसी शिवदुलार सिंह ढिल्लों की बैठक हुई। इसमें फैसला लिया गया कि जिला सेहत विभाग व एसजीपीसी की ओर से संचालित श्री गुरु राम दास मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की टीमें सचखंड के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर संगत की स्क्रीनिंग करेगी। जिस श्रद्धालु को पहले से कोई शिकायत है तो वह वहां तैनात डॉक्टरों को रिपोर्ट करे।
एसजीपीसी ने श्री गुरु राम दास मेडिकल कॉलेज में भी कोरोना के संदिग्ध मरीजों को दाखिल करने के लिए एक विशेष वार्ड बना दिया गया है। सचखंड के बाहर 24 घंटे एक एंबुलेंस भी तैनात रहेगी।
एसजीपीसी के चीफ सेक्रेटरी डॉ. रूप सिंह ने बताया कि सचखंड की पवित्र परिक्रमा में लाउड स्पीकर से कोरोना वायरस संबंधी जानकारी देने के भी प्रबंध किए जा रहे हैं। मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर साबुन से हाथ धोने और श्रद्धालुओं को एक-दूसरे के बीच दूरी बनाकर रखने को कहा जा रहा है। लंगर व कड़ाह प्रसाद की देग तैयार करने वाले सेवादारों को भी सफाई रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसजीपीसी परिसर स्थित सभी यात्री निवास के कमरों में सफाई के साथ-साथ सैनेटाइजर का प्रबंध किया गया है।
अमेरिका नहीं जा पाया परिवार
कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा असर विदेशों में आने-जाने वाले लोगों पर हुआ है। जालंधर के शर्मा परिवार को अमेरिका समेत कई देशों के टूर पर जाना था लेकिन उसे रद्द करना पड़ा। भारत ने विदेशी नागरिकों के तमाम वीजा रद्द कर दिए हैं और 14 अप्रैल तक इस आदेश को लागू कर दिया है।
जालंधर के निजात्म नगर के रहने वाले निखिल शर्मा, उनकी पत्नी अनु शर्मा के दोनों बच्चे एंजलिना (4) व बेटा अनिक शर्मा (10 माह) दोनों अमेरिकन सिटीजन है। एंजलिना भारत में ही शिक्षा ग्रहण कर रही है। उसकी मार्च व अप्रैल में स्कूल की छुट्टियां थीं। इस कारण शर्मा परिवार ने दिसंबर 2019 में ही एयर टिकट बुक करवा ली थी। एंजलिना व अनिक भारत में वीजा पर रह रहे हैं।
शर्मा परिवार की तरफ से 22 मार्च को बैंकाक, मनीला, वैंकुवर, लॉस एंजिलेस, लास वेगास, न्यू जर्सी, न्यूयार्क से वापस 23 अप्रैल 2020 को नई दिल्ली आना था। इसके लिए एयर टिकट से लेकर पूरी होटल बुकिंग हो चुकी थी। इसी बीच कोरोना वायरस के खतरे के बाद भारत ने तमाम विदेशी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए।
पीड़ित निखिल शर्मा का कहना है कि ट्रेवल पोर्टल ने अब फोन ही उठाने बंद कर दिए हैं। रिफंड के लिए फोन करने पर कोई उठा ही नहीं रहा है। ई-मेल का उत्तर देना बंद कर दिया है। अब रिफंड के लिए कौन सा रास्ता अख्तियार किया जाए। इसको लेकर काफी परेशान हैं। कनाडा सरकार की तरह उनके नुकसान की भरपाई केंद्र सरकार को करनी चाहिए।