यह अफवाह फैलते ही लोग सब्जी खरीदने के लिए अपने घरों से थैले लेकर मंडी में पहुंच गए। जब मंडी में अचानक हजारों लोग सब्जी लेने पहुंचे तो तब पता चला कि सरकार के आदेश को लेकर अफवाह फैला दी गई है। मंडी से लोग थैले भरकर सब्जी खरीदने लगे और सब्जी विक्रेता भी उसका खूब फायदा उठाना लगे।
जहां सामान्य दाम से सब्जी को 100 रुपये किलो तक महंगा बेचा गया। वहीं वह सब्जी भी बिक गई, जिसको खराब बताकर लोग नहीं खरीद रहे थे। सब्जी मंडी कुछ ही देर में खाली हो गई, लेकिन मंडी में देर शाम तक भी लोग लगातार सब्जी खरीदने पहुंच रहे थे। मंडी में सब्जी नहीं मिलने के बाद लोगों ने बाहर दुकानों पर दौड़ लगा दी ।
मंडी के आसपास सड़कों पर लगा जाम, लोग रहे परेशान
सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ बढ़ी तो वहां अंदर वाहन खड़े करने की जगह नहीं बची। इससे लोगों ने सड़कों पर अपने वाहन खड़े कर दिए। उसके बाद सड़कों पर जाम लगना शुरू हो गया। मुरथल अड्डा चौक से सब्जी मंडी की ओर जाने वाली सड़क पर लंबा जाम लग गया और यह जाम देर शाम तक लगभग चार घंटे तक लगा रहा। इस तरह ही ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कालोनी से सब्जी मंडी जाने वाली सड़क पर भी जाम लगा रहा। जिसमें वाहन चालक कई घंटे तक फंसे रहे। इस तरह से सब्जी के लिए मची मारामारी के कारण वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई।
लोगों की मंडी में सब्जी खरीदने के लिए भीड़ उमड़ी तो उसका खूब फायदा उठाया गया। जहां हरी मिर्च पहले 40 रुपये किलो तक बिकती थी, वह 160 रुपये किलो बेची गई। आलू पहले 15 रुपये किलो तक था जो पहले 20 रुपये किलो हुआ और उसके बाद 25 रुपये किलो बेचा गया। प्याज पहले 35 रुपये किलो था लेकिन वह 50 रुपये किलो तक बेचा गया।
टमाटर 15 रुपये किलो था जो भगदड़ मचने पर 50 रुपये किलो तक बिक रहा था। गोभी 15 रुपये थी जो 40 रुपये में बिकी। मटर 30 रुपये किलो थी जो मंडी बंद होने की अफवाह के बाद 40 रुपये किलो में बेची गई। घीया 10 रुपये किलो था जो 25 रुपये किलो तक बेचा गया। इनके अलावा भी अन्य सब्जियों के इस तरह दाम बढ़ाकर बेचा गया।
व्यापार मंडल उपलब्ध कराएगा खाद्य सामग्री: संजय सिंगला
जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला को जब मंडी बंद होने की अफवाह का पता चला तो उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके साथ ही संजय सिंगला ने कहा कि बाजार और मंडी बंद होने की कोई बात नहीं है और आम लोगों को खाद्य सामग्री की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल सभी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएगा और लोगों के घरों तक खाद्य सामग्री पहुंचाई जाएगी। इसलिए कोई भी ऐसे समय में अफवाह नहीं फैलाए और लोग केवल कोरोना वायरस से बचाव के लिए एहतियात रखे।
सब्जी मंडी सुचारू रूप से चलेगी: डीसी
डीसी डॉ. अंशज सिंह ने सब्जी मंडी बंद होने को पूरी तरह से अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में लोगों को अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए और किसी भी बात के बारे में पुष्टि करनी चाहिए। डीसी ने कहा कि शहर की सब्जी मंडी फिलहाल सुचारू रूप से चलेगी। सब्जी मंडी को बंद करने का कोई आदेश नहीं दिया गया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए हरियाणा में किसान बाजार व अपनी सब्जी मंडी को बंद करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह आदेश सामान्य सब्जी मंडी पर लागू नहीं होते। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपनी सब्जी मंडी का मतलब सामान्य सब्जी मंडी से नहीं है।