- 3 अप्रैल को अंबाला के 67 साल के बुजुर्ग की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हुई थी।
- रोहतक की महिला की राम मनोहर लोहिया अस्पताल दिल्ली में कोरोना से मौत हुई थी।
- 4 अप्रैल को सोनीपत निवासी एसआई की दिल्ली के अस्पताल में मौत हुई थी।
- 5 अप्रैल को करनाल के गांव रसीन निवासी 58 वर्षीय बुजुर्ग की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हुई थी।
- 6 अप्रैल को गुरुग्राम अस्पताल में फाजिलपुर निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई।
- 8 अप्रैल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भिवानी निवासी 82 वर्षीय महिला की मौत हुई।
राजस्थान मरकज में शामिल तब्लीगी जमात के तीन लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें एक 18 साल का युवक और 80 साल का बुजुर्ग भी शामिल है। तीनों को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। एक मरीज कालका के खुदाबख्श गांव का है जबकि दूसरा पिंजौर के बक्शीवाला का।
इसी के साथ अब पंचकूला में कोरोना के मरीजों की संख्या पांच हो गई है। पीजीआई की रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसकी पुष्टि की है। पंचकूला जिला स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी राजीव नरवाल ने बताया कि तीनों मरीजों की पूरी निगरानी रखी जा रही है।
इससे पहले पंचकूला की खड़ग मंगोली की एक महिला और सेक्टर -11 में एक महिला स्टाफ नर्स में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इनका इलाज अभी चल रहा है। इनके रोजाना सैंपल लेकर जांच की जा रही है।
जिला के बहादुरगढ़ शहर के धर्मपुरा मोहल्ला निवासी दिल्ली के एक अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर जिला प्रशासन की ओर से उसके मोहल्ले को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है। कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के उद्देश्य से जिलाधीश जितेंद्र कुमार की ओर से यह निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि देर शाम दिल्ली में स्थित एक अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स द्वारा स्वयं के बारे में कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना प्रशासन को दी गई। यह महिला दिल्ली के ही अस्पताल में इलाज करवा रही है। जिलाधीश जितेंद्र कुमार ने बताया कि कंटेनमेंट एरिया के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।
एसडीएम बहादुरगढ़ तरुण कुमार पावरिया की देखरेख में इस एरिया की नियमित रिपोर्ट अपडेट ली जाएगी। जिलाधीश ने आदेश में कहा कि कंटेनमेंट एरिया के तहत धर्मपुरा मोहल्ले को पूरी तरह से सील किया जा रहा है। साथ ही मोहल्लावासियों के घर से बाहर निकलने सहित अन्य स्थानों पर आवागमन भी पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा।