दिल्ली मरकज से लौटे जमाती कोरोना संबंधी जांच कराने की बजाय भूमिगत हो रहे हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने उन जमातियों को चेतावनी दी है, जो बार-बार अपील करने के बाद भी छिपे हुए हैं।
मंत्री विज ने कहा कि जमात के लोगों को आगे आना चाहिए, ताकि उनका उपचार हो सके। इसलिए छिपे हुए जमाती अपने-अपने जिलों में डीसी को रिपोर्ट करें। अगर वे सामने नहीं आए और पकड़े गए तो कड़ी कार्रवाई झेलने के लिए भी तैयार रहें। आपदा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री विज ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने अब तक कार्रवाई करते हुए 1372 जमाती ढूंढ लिए हैं। अब तलाश नहीं किया जाएगा, बल्कि जमाती जहां-जहां जिस जिले में हैं, खुद ही जिला प्रशासन को रिपोर्ट कर दें। इसके बाद भी छिपे तो कड़ी कार्रवाई होगी। अकेले पंचकूला में ही 115 जमाती तलाशे गए हैं।
भारत में ‘इटली वाली’ के बच्चे कर रहे मोमबत्तियां जलाने का विरोध
गृह मंत्री अनिल विज ने ट्वीट करके कांग्रेस पर निशाना साधा है। मंत्री विज ने लिखा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से 5 अप्रैल को रात 9 बजे 9 मिनट तक लाइट बंद कर रोशनी करने की अपील की थी। इस पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सवाल उठाए हैं। यह विरोध कोरी राजनीति है। इटली के लोग ताली बजाकर व मोमबत्तियां जलाकर अपने देश की एकता को प्रदर्शित कर रहे हैं, लेकिन भारत में ‘इटली वाली’ के बच्चे इसका विरोध कर रहे हैं। ऐसे समय में तो पूरे देश को एक नजर आना चाहिए।
पीपीई किट, चार फर्म मैदान में
प्रदेश में पीपीई किट की शॉर्टेज होने की बात से स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मना किया है। उन्होंने साफ कर दिया कि चार फर्मों को टेंडर दिया गया है, जो एक-एक हजार किट की सप्लाई करेंगी। कुल मिलाकर चारों फर्मों को पांच लाख किट का टेंडर दे दिया गया है।
हरियाणा मेरी जान, मेरा दिल, घरों में ही रहें लोग: सोनू निगम
फरीदाबाद में जन्मे बॉलीवुड गायक सोनू निगम ने प्रदेशवासियों से घरों में ही रहने की अपील की है। उन्होंने डॉक्टरों, पुलिस जवानों व अन्य कर्मचारियों की मेहनत को सराहा। उन्होंने वीडियो संदेश में हरियाणावासियों से कहा है कि उनका जन्म हरियाणा में हुआ, यहां उनके बचपन का काफी समय बीता है। हरियाणा से उनकी यादें जुड़ी हुई हैं, हरियाणा उनकी जान है, उनका दिल है। इसीलिए आप सभी की परवाह है। पूरा विश्व कोरोना महामारी के विरुद्ध बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहा है, हमारा देश भी उसी लड़ाई का हिस्सा है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टीम व मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत सब लोग मिलकर कोरोना के खिलाफ लड़ने में एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों से इसमें पूरा साथ देने का निवेदन किया। सोनू ने कहा है कि यह बड़ी महामारी है और शुरुआती स्टेज में ही काबू में आ जाए तो सफलता की बात होगी। हाथ से निकल गई तो हमें बड़ा संकट झेलना पड़ सकता है। सोनू ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों, डॉक्टर, पुलिस व कोरोना से बचाव के अभियान में जुड़े सभी कर्मचारियों को शत-शत नमन किया है।