कोरोना ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र को महज एक औपचारिकता बना डाला है। कोरोना से बचाव की चुनौती ने सत्र की पूरी व्यवस्था ही बदल डाली है। संक्रमित होने के कारण सदन में न तो सीएम व स्पीकर होंगे, न ही मंत्रियों का स्टाफ और दर्शक। सभी जनाब भी हिजाब में होंगे। छह माह के भीतर विधानसभा सत्र बुलाना जरूरी है, इसलिए मानसून सत्र को सरकार नहीं टालेगी।
3 सितंबर से पहले सत्र होना जरूरी है। ऐसे में सरकार व विधानसभा सचिवालय 26 अगस्त को सत्र बुलाकर शोक प्रस्ताव पढ़ने के बाद कार्यवाही को स्थगित कर सकता है। कार्यवाही को अनिश्चितकाल तक स्थगित न कर कुछ दिनों के लिए स्थगन प्रस्ताव लाया जा सकता है। सीएम मनोहर लाल, स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता के कोरोना संक्रमित होने पर सदन की कार्यवाही एक बैठक तक भी सीमित हो सकती है।
विधानसभा सचिवालय ने देर शाम दो दिन की कार्यवाही का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन उसके बाद सीएम भी संक्रमित निकल आए। अब सदन को औपचारिकता से ज्यादा कुछ नहीं माना जा रहा। हालांकि, सत्र की अवधि 26 अगस्त को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय होगी।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी
सीएम की गैर मौजूदगी में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है। चूंकि, डिप्टी सीएम के नाते वह ही सरकार में नंबर दो हैं। इसलिए सदन की दो बैठकें होती हैं तो उन्हें ही विपक्ष के हमलों का जवाब देना होगा। विपक्ष का कोई विधायक व शीर्ष नेता अभी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है, इसलिए सत्ता पक्ष को व्यंग्य बाण भी सहन करने होंगे।
कोरोना के कारण वास्तुविद ने विधानसभा में विधायकों का सिटिंग प्लान बनाया है। एक सीट पर एक ही विधायक होगा। सीएम, डिप्टी सीएम, नेता प्रतिपक्ष व कुछ मंत्रियों, विधायकों को छोड़कर सबकी सीटें बदली होंगी। दर्शक दीर्घा में भी विधायक बैठेंगे।
इन-इनसे मिले सीएम, स्पीकर
सीएम मनोहर लाल ने कोरोना संक्रमित सांसद नायब सैनी से मुलाकात के बाद बीते सप्ताह दिल्ली में एसवाईएल को लेकर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ भी बैठक की थी। उसके बाद गजेंद्र पॉजिटिव निकले तो सीएम होम क्वारंटीन हो गए थे। स्पीकर ने संक्रमित पाए जाने से पहले हर दिन सत्र को लेकर विधानसभा में बैठकें की।
उनके साथ उच्च अधिकारी व विधायक बैठकों में मौजूद रहे। प्रश्नों का ड्रा स्पीकर के साथ निकालने वाले विधायक हरविंद्र कल्याण व अमित सिहाग की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएम के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर व सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक ने भी बीते सप्ताह स्पीकर के साथ बैठक की थी।