रेलवे ने एहतियात के तौर पर कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए यात्री हित में फैसला लिया है कि अगले आदेश तक एसी कोचों में कंबल के वितरण को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। एसी कोचों में तापमान भी उसी हिसाब से बढ़ाया जाएगा ताकि कीटाणुओं का सफाया हो सके। रेलवे ने यात्रियों से आग्रह किया है कि सफर के दौरान वह घर से स्वयं के उपयोग के लिए कंबल व शॉल लेकर आएं।
रेलवे बोर्ड से निर्देश मिलते ही अंबाला रेल प्रबंधक गुरिंदर मोहन सिंह ने व्यवस्थाएं बनाने के आदेश जारी किए हैं और सभी विभागों ने आपसी तालमेल से कार्य करते हुए व्यवस्थाएं सुधारनी आरंभ कर दी हैं। यह जानकारी वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारी हरि मोहन ने दी।
कोच अटेंडेंट अब बोगी में यात्रियों को बेडरोल के साथ कंबल नहीं देगा। इसकी शुरुआत चंडीगढ़ से जाने वाली बीस ट्रेनों में रविवार से ही कर दी गई है। हालांकि, शुरुआत में कुछ कंबल कोच अटेंडेंट रखेगा, जिससे विशेष परिस्थिति में ही यात्रियों को कंबल दिया जा सके। लेकिन यह व्यवस्था महज 4 दिनों के लिए होगी, जिसे आगे बंद कर दिया जाएगा।
अंबाला मंडल के डीआरएम गुरिंदर मोहन सिंह ने बताया है कि अपनी तरफ से अगल-अलग निवारक उपाय किए जा रहे हैं। रेलवे में सफर के दौरान कोरोना से बचाव के लिए सीट से लेकर शौचालय तक की सफाई बेहतर तरीके से की जा रही है। वहीं अंबला मंडल रेलवे के सीनियर विभागीय मैकेनिकल इंजीनियर शोम प्रकाश ने बताया कि मौजूदा प्रावधानों के अनुसार बेड शीट, तौलिया और तकिये के कवर आदि का प्रावधान बेड सर्विस में किया जाना जारी रहेगा। क्योंकि इनका इस्तेमाल जरूरी है और साथ ही यात्रियों से रेलवे की अपील है कि घबराएं नहीं, एहतियात बरतें।