पंजाब सरकार ने आने वाले दिनों में कोविड-19 और कोरोना वायरस के बढ़ते संकट से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को इस महामारी से प्रभावित स्थानों (हॉटस्पॉट) वाले सभी जिलों में लोगों की सांस लेने संबंधी गंभीर बीमारी (एसएआरआई) का टेस्ट करने के लिए मोबाइल टेस्टिंग वैन चलाने के हुक्म दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अगले कुछ दिनों में आइसोलेशन बैड (अलग रखने के लिए बेड) 5000 तक बढ़ाने के लिए मुहिम तेज करने की हिदायतें दीं। मुख्य सचिव करन अवतार सिंह के मुताबिक, भले ही पुष्टि किये गए अनुमान उपलब्ध नहीं हैं लेकिन राज्य सरकार संभावित आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही है। मुख्य सचिव ने बताया कि मानवीय शक्ति की भर्ती और प्रशिक्षण भी युद्धस्तर पर शुरू किए गए हैं ताकि यह यकीनी बनाया जा सके कि आने वाले हफ़्तों के लिए राज्य पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में स्वास्थ्य संस्थाओं समेत 20 स्थानों पर 2,500 बेड प्रयोग के लिए तैयार हैं और जरूरी सुविधाओं के साथ इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। राज्य में कोविड-19 से निपटने के लिए जरूरी मेडिकल साजो-सामान की मौजूदगी का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को जरूरी प्रोटेक्विट गेयर, वेंटिलेटर, मास्क आदि को पहल के आधार पर खरीदने के लिए कहा।
पेंशन की अदायगी को यकीनी बनाने के निर्देश
अतिरिक्त मुख्य सचिव विनी महाजन के मुताबिक, पंजाब की कंपनियों द्वारा तैयार किए गए देसी नमूनों की निरंतर परख की जा रही है और मंजूर सामान के लिए ऑर्डर पहले ही किए जा चुके हैं। लाभपात्रियों की बैंकों /एटीएम तक पहुंचने की असमर्थता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बुधवार को डिप्टी कमिश्नरों को हिदायत की कि वह सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की बजाय बिजनेस कारेसपोंडेंट द्वारा विभिन्न श्रेणियों के लाभपात्रियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बुढ़ापा पेंशन और अन्य लाभों की अदायगी यकीनी बनाएं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर अमल करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह सतीश चंद्र ने सभी प्रशासकीय सचिवों, डीजीपी, डिविजनल कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नरों, जोनल आईजीपीज, कमिश्नर ऑफ पुलिस, डीआईजी और एसएसपीज को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
कैप्टन ने अकाल तख्त के जत्थेदार से की अपील
आगामी बैसाखी के जश्नों के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को भी अपील की कि वह भीड़ पर पाबंदियों के मद्देनजर इस मौके पर लोगों को घर से ही अपनी अरदास करने की अपील करें।