फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना: पंचकूला में चार संक्रमितों की मौत, ट्राइसिटी में मिले 230 नए मरीज, मोहाली में रिकॉर्ड 102

Mon, 17 Aug 2020 02:36 PM IST
खुशबू गोयल अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : iStock
विज्ञापन
जिले के अलग-अलग अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे चार कोरोना संक्रमितों की सोमवार को मौत हो गई है। चार लोगों की मौत की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। डाक्टरों के अनुसार संक्रमित अन्य बिमारियों से भी ग्रस्त थे, इसी कारण हालत नाजुक होने के कारण उनको बचाया नहीं जा सका। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या आठ हो गई है। इसके अलावा सोमवार को हरियाणा पुलिस महानिदेशक के पीए सहित 14 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
विज्ञापन


पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर के अनुसार अब तक पंचकूला में आठ लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। सोमवार को जिले में कोरोना से चार लोगों की मौत हो गई। इसमें सेक्टर-9 निवासी 59 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। वे कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े थे, और उनके बेटे भी कई धार्मिक संगठनों में सेवाएं दे रहे हैं। वे पहले सेक्टर-21 के अलकेमिस्ट अस्पताल में भर्ती थे, जिन्हें बाद में मोहाली ज्ञान सागर अस्पताल में शिफ्ट किया गया था, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और सोमवार को उनका निधन हो गया।

इसी तरह सेक्टर-21 के 51 वर्षीय व्यक्ति की सेक्टर-26 के अस्पताल में मौत हो गई। भरेली में 69 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई है। वह अन्य बीमारी के इलाज के लिए भर्ती हुईं थीं। कोरोना टेस्ट में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इसके बाद उनको पंचकूला नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 भेजा गया। यहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। कालका के कोना गांव की एक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला बद्दी में कार्यरत थीं। कोरोना से संक्रमित होने के कारण सेक्टर-21 के अलकेमिस्ट अस्पताल में इलाज करवा रहीं थीं। वह वेंटिलेटर पर थीं, लेकिन आज उन्होंने दम तोड़ दिया। इन सभी शवों का अंतिम संस्कार नगर निगम पंचकूला की टीम द्वारा किया गया।
विज्ञापन


 पंचकूला में 14 नए केस सामने आए
सोमवार को पंचकूला में 14 नए मामले पॉजिटिव मिले हैं। इनमें सेक्टर-10 के चार, सेक्टर-9 के दो मामले पॉजिटिव मिले हैं। इसी प्रकार सेक्टर-4, एमडीसी सेक्टर-5, सेक्टर-15, सेक्टर-8, एमडीसी, सेक्टर-6, गांव भरेली व मौली में भी एक एक मामला पॉजिटिव मिला है। इनमें पंचकूला के 1224 व 232 बाहरी राज्यों और जिलों से संबंधित हैं। अब तक 861 पॉजिटिव केस ठीक हो गए हैं। 355 मामले एक्टिव हैं। पंचकूला स्वास्थ्य विभाग के नोडल ऑफिसर डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि मरीजों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर उनको होम क्वारंटीन किया गया है।

मोहाली में कोरोना के रिकॉर्ड 102 मरीज आए सामने

24 घंटे के भीतर मोहाली मेें 102 कोरोना के मरीज सामने आए हैं। अब तक एक दिन में सामने आए मरीजों की यह सबसे बड़ी संख्या है। वहीं, 28 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इस दौरान तीन साल के एक बच्चे से लेकर 77 साल तक के बुजुर्ग कोरोना के शिकार हुए हैं। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कोरोना के 1911 मरीज सामने आ चुके हैं जिनमें से 977 ठीक हो चुके हैं। जबकि 898 एक्टिव मरीज हैं। वहीं, 36 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने लोगों से कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है।

जानकारी के मुुताबिक मोहाली शहर में कोरोना संकट पूरी तरह से गहरा गया है। सोमवार को शहर की कई नामी सोसाइटियों में कोरोना ने दस्तक दी है। इस दौरान 50 के करीब मरीज मोहाली शहर से हैं। जोकि शहर के विभिन्न सेक्टरों और नगर निगम के अधीन आने वाले गांवों के रहने वाले हैं। इसी तरह कुराली, पडियाला, खरड़ में भी 20 से ज्यादा केस आए हैं। जबकि पांच केस नयागांव व चार मुल्लांपुर के हैं। वहीं, अन्य मामले जीरकपुर, ढकोली, बलटाना, पीरमुछल्ला के हैं।

सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने लोगों से अपील की है कि जिसे भी लगता है कि उसमें बीमारी के लक्षण हैं वह अपना टेस्ट जरूर करवाए। मोहाली, खरड़, डेराबस्सी समेत अन्य बड़े अस्पतालों में फ्लू कॉर्नर बनाए गए हैं। उन्होंने साफ शब्दों कहा है कि जो लोग होम आइसोलेशन में चल रहे हैं, वह घरों पर रहे। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। सेहत विभाग के अधिकारी लोगों से उनकी सेहत संबंधी जानकारी ले रहे हैं। वहीं, विभाग ने जो नंबर जारी किए हैं, संक्रमित लोग उन पर फोन करके सहायता ले सकते हैं।
विज्ञापन

चंडीगढ़ में एक दिन में मिले रिकॉर्ड 114 मरीज, एक की मौत

शहर में कोरोना की चेन टूटने का नाम नहीं ले रही। सोमवार को एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा 114 पॉजिटिव मरीजों के मिलने से जहां हड़कंप मच गया, वहीं एक और पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुड़ैल के 82 वर्षीय कोरोना संक्रमित वृद्ध के रूप में हुई है, जिनकी जीएमसीएच-32 में इलाज के दौरान 16 अगस्त की देर रात मौत हो गई। कोरोना के कारण वृद्ध के फेफड़े खराब हो गए थे, जिससे उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।

इसके साथ शहर में कोरोना से मरने वाले मरीजों की संख्या 30  हो चुकी है। जबकि अब तक 2216 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 1183 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं जबकि अभी 87 संदिग्धों की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसे देखते हुए पीजीआई ने कोविड के लिए 110 बेड और बढ़ा दिए हैं।   

सोमवार को आरटीपीसीआर से किए गए टेस्ट में 66 और रैपिड एंटीजन टेस्ट किट के जरिए की गई जांच में 48 लोग संक्रमित पाए गए। इन सभी लोगों को हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड और होम आइसोलेशन में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर सोमवार को शहर में 46 कोरोना संक्रमित मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। शहर में अब तक 1183 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है।   

पीजीआई में कोविड बेड की संख्या हुई 310  
कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर पीजीआई में कोविड के बेड की संख्या 200 से बढ़ाकर 310 कर दी गई है। पीजीआई प्रवक्ता डॉ अशोक ने बताया कि नेहरू एक्सटेंशन में बनाए गए कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल में 200 बेड का संचालन हो रहा है। इसके अलावा पीजीआई के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर और नेहरू हॉस्पिटल में क्रमश 30 और 80 बेड और बढ़ा दिए गए हैं, जिससे कोरोना के गंभीर मरीजों को तत्काल बेहतर इलाज मुहैया कराया जा सके। इसके लिए विशेषज्ञ और पैरामेडिकल की टीम भी तैयार कर ली गई है। मौजूदा समय में पीजीआई में कोरोना के 152 मरीजों का इलाज चल रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें