चंडीगढ़। इंडियन एयरफोर्स ने रविवार को ट्राइसिटी समेत देशभर में कोरोना वॉरियर्स को सलामी दी। सुबह एयरफोर्स के दो लड़ाकू विमानों ने सुखना लेक पर जहां 10 मिनट तक लिए पर सभी वॉरियर्स को सलामी दी। वहीं, हेलीकॉप्टर के जरिए चंडीमंदिर स्थित सैन्य अस्पताल, पीजीआई और जीएमसीएच-32 पर पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान पीजीआई के कैरोल ब्लॉक और नेहरू एक्सटेंशन ब्लॉक कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल व जीएमसीएच-32 के सी ब्लॉक का नजारा देखने लायक था।
पुष्पवर्षा को देखने के लिए डॉक्टर और स्टाफ अस्पताल के बाहर और छतों पर खड़े नजर आए। विमान के अस्पताल के ऊपर आते ही सभी ने उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए हवा में अपने हाथ हिलाए और इस खास पल को अपने-अपने मोबाइल में कैद किया। इस अद्भुत नजारे को देखकर ज्यादातर मेडिकल स्टाफ, सफाईकर्मी और अन्य फ्रंट लाइन कोरोना वॉरियर्स भावुक नजर आए। पीजीआई डायरेक्ट प्रो. जगतराम ने इस पल को बेहद खास बताया। उनका कहना था कि यह गौरव और सम्मान का क्षण है। इससे कोरोना वॉरियर्स का मनोबल और बढ़ेगा। हम इसके लिए एयरफोर्स को दिल से धन्यवाद करते हैं।
रविवार को सुबह 8 बजकर 50 मिनट से 9 बजे तक 1 हजार फीट एजीएल की ऊंचाई से सुखना पर दो लड़ाकू विमानों ने सभी कोरोना वॉरियर्स को सलामी दी। इस दौरान यहां काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। उसके बाद सुबह 10 बजकर 15 मिनट से 10 बजकर 25 मिनट तक पंचकूला स्थित सैन्य अस्पताल, साढ़े 10 बजे से 10 बजकर 45 मिनट तक पीजीआई व 10 बजकर 50 मिनट से 11 बजकर 5 मिनट तक जीएमसीएच-32 पर हेलीकॉप्टर से वहां की बिल्डिंग से 150 मीटर एजीएल की ऊंचाई से पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान सफाई कर्मचारी, अस्पताल स्टाफ के साथ ही डॉक्टर भी मौजूद रहे। एयरफोर्स के अधिकारियों ने कहा कि ये सभी वो स्थान हैं जहां सफाई कर्मचारी से लेकर डॉक्टर तक ने कोरोना को हराने के लिए अपनी जी जान लगा दी है। वहीं कोरोना से पीड़ित लोगों ने डॉक्टरों की मदद से बीमारी को मात दी है। यह वास्तव में बधाई के पात्र हैं। एयरफोर्स सभी कोरोना वॉरियर्स के जज्बे को सलाम करता है। इसलिए पूरे देश के चिकित्सा संस्थानों पर पुष्पवर्षा के साथ सलामी देने की योजना बनाई गई।