कोरोना से पुलिस भी सतर्क हो गई है। लोगों को जागरूक करने के साथ साथ पुलिस खुद भी सावधानियां बरत रही है। पुलिस ने अब थाने और चौकियों के बाहर खड़े संतरियों को सैनेटाइजर उपलब्ध करवाए हैं ताकि जो व्यक्ति थाने या फिर चौकी में शिकायत देने के लिए आए तो गेट पर ही पहले उसके हाथ सैनेटाइजर से साफ करवाए जाएं।
पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने अपील की थी कि लोगों को पुलिस कमिश्नर दफ्तर आकर अपनी शिकायत देने के बजाय ईमेल या सीपी ऑफिस के बाहर लगे बाक्स का इस्तेमाल करना चाहिए। उनकी शिकायत का 24 घंटों में उनको मैसेज आ जाएगा।
थाना पीएयू के प्रभारी परमदीप सिंह, थाना डाबा के प्रभारी पवित्र सिंह और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सावधानी में ही बचाव है। इसलिए पुलिस अधिकारियों के निर्देशों में थाने चौकियों में सैनेटाइजर और मास्क सभी को दिए गए हैं।
कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए सरकार ने अब ड्राइविंग ट्रैक पर लाइसेंस बनाने पर भी 31 मार्च तक रोक लगा दी है। ड्राइविंग ट्रैकों पर किसी तरह के टेस्ट नहीं होंगे और लर्निंग लाइसेंस के टेस्ट भी बंद रहेंगे। वहीं सरकारी कार्यालयों में भी अधिकारियों ने पब्लिक डीलिंग कम कर दी है।
आरटीए के नवनियुक्त सेक्रेटरी बरजिंदर सिंह ने शुक्रवार को बस स्टैंड के नजदीक ड्राइविंग ट्रैक की चेकिंग की। उन्होंने कर्मचारियों से कामकाज की जानकारी लेते हुए प्रभावशाली व पारदर्शी कामकाज करने की हिदायत दी। बरजिंदर सिंह ने अलग-अलग ब्रांचों का दौरा कर कर्मचारियों को हिदायत दी कि एक लाइन में 20 से ज्यादा लोग नहीं होने चाहिए।
स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर की तरफ से रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस के सभी सेक्रेटरी और सभी एसडीएम को इस बारे में पत्र लिखकर ड्राइविंग लाइसेंस का काम तुरंत मुल्तवी करने के लिए कहा गया है। पुलिस ने शुक्रवार को अपना मोर्चा संभाला और उन कार्यालयों को बंद करवा दिया, जहां पर पांच से अधिक स्टाफ के सदस्य थे।
जालंधर: दुकानदारों को लगाने होंगे मास्क और सैनेटाइजर के रेट बोर्ड
जिले में अब दुकानदारों और मेडिकल स्टोर मालिकों को मास्क व सैनेटाइजर के स्टॉक और रेट डिस्प्ले करने होंगे। इसके साथ ही अब 20 लोग से अधिक जमा कहीं किसी स्थान पर जमा नहीं होंगे। यह फैसला डिवीजनल कमिश्नर राजकमल चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में डीसी वरिंदर शर्मा, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर और एसएसपी नवजोत माहल समेत तमाम राजपत्रित अधिकारी भी मौजूद थे। जिसमें कई अहम फैसले लेकर तमाम विभागों को चुस्त दुरुस्त होने के आदेश दिए गए।
बैठक में सेहत विभाग को आदेश दिए गए कि वह अलग-अलग टीमों का गठन कर चौबीस घंटे के भीतर इन निर्देशों को लागू करना यकीनी बनाए। डिवीजनल कमिश्नर राजमकल चौधरी ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते मास्क व सैनेटाइजर को जरूरी वस्तुओं की श्रेणी में रखा गया है, इसलिए उनकी कालाबाजारी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कोरोना वायरस के भय के चलते इन दिनों अफवाहों का बाजार गर्म है। राशन की दुकानें बंद होने की अफवाह फैलने से गुरुवार रात को दुकानें और मॉल 12 बजे तक खुले रहे। बटाला के एक मॉल के अधिकारी ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब 12 बजे तक ग्राहकों को सामान देते रहे। उसने बताया कि रोज की उनकी एक लाख से लेकर डेढ़ लाख रुपये की सेल होती थी लेकिन गुरुवार देर रात तक उन्होंने 5 लाख रुपये की बिक्री की। वहीं सब्जी के दामों में भी तेजी आ गई है।
फतेहगढ़ साहिब की अदालतें करवाई सैनेटाइज
कोरोना वायरस से बचाव के लिए जिले की समूह अदालतों को सैनेटाइज करवाया गया है। अदालतों के मुख्य गेट पर अदालतों में आने-जाने वाले लोगों की थर्मल स्कैनिंग भी की जा रही है। जिला और सेशन जज निर्भय सिंह गिल ने बताया कि फतेहगढ़ साहिब की सभी अदालतों और सब-डिविजन स्तर की अदालतों में कोरोना वायरस को प्रकोप को खत्म करने के लिए विशेष स्प्रे करवाया गया है। अदालतों में सिर्फ अहम मामलों की सुनवाई की जा रही है।