कुछ ऐसे हो रहा कर्फ्यू का उल्लघंन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
केमिस्ट शॉप भी भीड़ लगी रही। यहां तक कि कोरोना वायरस से बचाव को लेकर एहतियात भी नहीं बरती जा रही थी। इस तरह से सरेआम कर्फ्यू का उल्लंघन होने शुरू हो गया। जब सूचना जिला प्रशासन के पास पहुंची तो एसडीएम वीपीएस बाजवा और एसएसपी सतिंदर सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और लोगों की भीड़ को किसी तरह समझाबुझाकर भेजा और सब्जी की दुकानें बंद करवाई। थाना सिटी के एसएचओ एसआई हरजिंदर सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ कुछ सब्जी विक्रेताओं को हिरासत में लिया है।
संगरूर: पुलिस ने सख्ती से कराया कर्फ्यू का पालन
पुलिस की सख्ती के बाद आखिरकार लोग कर्फ्यू का पालन करने के लिए विवश हो गए। बुधवार को पूरे इलाके में सन्नाटा छाया रहा और लोग घरों से निकलने में घबराने लगे। मंगलवार को लोगों ने कर्फ्यू जमकर उल्लंघन किया था, जिसके बाद प्रशासन ने कडे़ कदम उठाए।
एसडीएम मनजीत कौर और एसएचओ जतिंदरपाल सिंह ने इलाके का दौरा करके हालात का जायजा लिया। पूरा दिन पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को पहरा रहा। एसडीएम मनजीत कौर ने लोगों से सावधानी, संयम तथा सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग धीरज रखें और संकट के इस दौर में सहयोग दें। समाज की आपसी दूरी ही कोरोना वायरस को खत्म करेगी।
पुलिस ने भी दिखाई सख्ती
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उन्होंने कहा लोगों ने आपसी मेलजोल को बंद नहीं रखा तो यह वायरस जीवित रहेगा और एक दूसरे में स्थानांतरित होता रहेगा। दूसरी तरफ एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया और बेवजह सड़कों पर घूमने वालों को कड़ी फटकार लगाई। हालांकि बुधवार को सड़कों पर बेवजह घूमने वालों की तादाद इक्का दुक्का ही रही। अधिकारियों ने कहा कि लोग अपने आप को घरों में ही सीमित रखें और लोगों के सहयोग से ही इन हालात से निपटा जा सकेगा।
फरीदकोट: पुलिस ने लगवाई उठक-बैठक, डंडे भी बरसाए
कोरोना वायरस को लेकर केंद्र व राज्य सरकार समेत जिला प्रशासन की ओर से लोगों से लगातार घरों में रहने की अपील की जा रही है। बावजूद इसके फरीदकोट में कई स्थानों पर लोग बिना वजह सड़कों पर घूम रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ जिला पुलिस ने बुधवार को सख्ती दिखाई और कर्फ्यू की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अपने अंदाज में कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन की ओर से कर्फ्यू में किसी भी तरह की ढील नहीं दी गई थी। इसके बावजूद बुधवार सुबह फरीदकोट, कोटकपूरा व जैतो में करियाना, सब्जी व फल समेत दवा की दुकानें खुल गईं। इस बात की सूचना मिलते ही पुलिस ने दुकानों को बंद करवाया और लोगों को लौटाया। इस दौरान फरीदकोट में क्रिकेट मैच खेलकर टाइम पास कर रहे नौजवानों से बैठक लगवाई। बिना वजह सड़कों पर घूम रहे लोगों की डंडा परेड भी की गई। मौके पर आईजी हरदयाल सिंह मान अपनी टीम के साथ फरीदकोट पहुंचे और एसएसपी मनजीत सिंह ढेसी के साथ कर्फ्यू को लेकर पुलिस की व्यवस्था का जायजा लिया।
कपूरथला: धारा-144 के उल्लंघन के आरोप में महिला समेत 31 नामजद
कपूरथला जिले में कर्फ्यू और लॉकडाउन का उल्लंघन करने में लोग गुरेज नहीं कर रहे हैं। थाना सिटी, थाना कोतवाली और थाना बेगोवाल की पुलिस ने ऐसा करने वाली एक महिला समेत 31 लोगों को नामजद किया है। इनमें सुबह के समय सब्जी की दुकानें खोलने वाले दुकानदार भी शामिल हैं।
होशियारपुर में खुली रहीं दुकाने।
होशियारपुर एक ओर जिले में कर्फ्यू को सख्ती से लागू कराने के लिए पुलिस कर्मी पूरी तत्परता से जुटे हैं लेकिन लोग कर्फ्यू को हलके में ले रहे हैं। उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरतते हुए पुलिस ने दनादन मामले दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान पुलिस ने कर्फ्यू के उल्लंघन के आरोप में थानों में 19 परचे दर्ज किए हैं और 17 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इनमें से ज्यादातर मामले कर्फ्यू होने के बावजूद दुकानें खोलकर सामान की बिक्री किए जाने के हैं, जबकि एक जिम मालिक पर भी जिम खुला रखने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। थाना सिटी की ओर से कर्फ्यू के दौरान बिना इजाजत और बिना कारण घूमते पाए गए 7 लोगों को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया गया है।
कर्फ्यू के उल्लंघन के आरोप में टांडा पुलिस ने 4, मेहटियाना, चब्बेवाल, गढ़शंकर, गढ़दीवाला और दसूहा पुलिस ने 1-1 मामला दर्ज किया है जबकि हरियाना, हाजीपुर, थाना सदर और थाना सिटी ने 2-2 मामले दर्ज किए हैं। थाना माडल टाउन पुलिस ने कर्फ्यू उल्लंघन के आरोप में 3 मामले दर्ज किए हैं। इसके अलावा सड़कों पर निकले लोगों पर पुलिस लट्ठ बरसा रही है। साथ ही उठक-बैठक करवा कर कर्फ्यू के दौरान बाहर किलने से तौबा भी करवाई जा रही है।