फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वायरस: पुलिस ने रुकवाई शादी, दुल्हन के दादा पर केस दर्ज, विदेश से लौटी महिला क्वारंटीन

Sun, 22 Mar 2020 08:30 PM IST
ajay kumar संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना ( पंजाब)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
विज्ञापन

कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार जिस गंभीरता से काम कर रही है, आम लोग इसे हल्के में ले रहे हैं। रविवार को गांव सुधार (पती धालीवाल) में चल रहे शादी समारोह में 50 से ज्यादा लोग पहुंच गए। पुलिस मौके पर पहुंची और दुल्हन के दादा पर केस दर्ज कर लिया। दूसरी तरफ गांव एतिआणा में भी रविवार को एक शादी समारोह चल रहा था, इसमें भी लगभग 100 लोग पहुंचे थे। जब उन्हें सुधार में कार्रवाई की खबर लगी तो उन्होंने अपने रिश्तेदारों को मौके से भगा दिया। पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया है। 

विज्ञापन


सीडीपीओ रविंदर कौर ने बताया कि गांव सुधार में गली में टेंट लगाकर पार्टी का आयोजन चल रहा है। इसमें 50 से ज्यादा लोग मौके पर मौजूद थे। उन्होंने मौके की वीडियोग्राफी करवाई और रायकोट एसडीएम हिमांशु गुप्ता को सूचना दी। एसडीएम हिमांशु गुप्ता ने तहसीलदार और थाना सुधार पुलिस को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। पुलिस को आता देख समारोह में शामिल कई लोग अपने वाहन लेकर फरार हो गए। थाना सुधार में तैनात सब इंस्पेक्टर गुलाब सिंह ने बताया कि पुलिस ने लड़की के दादा गुरदास सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

बटाला: घर में धार्मिक समारोह में लोगों को इकट्ठा करने वाला युवक गिरफ्तार
कोरोना वायरस को लेकर अधिकतर लोगों को इकट्ठा न करने के जारी किए आदेशों का उल्लंघन करते हुए गांव सारचूर के एक व्यक्ति ने घर में श्री अखंड पाठ साहिब के दौरान समागम रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। थाना घनीए-के-बांगर के एसएचओ अमोलकदीप सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस के चलते जनता कर्फ्यू के दौरान एएसआई बलविंदर सिंह, एएसआई हरदीप सिंह, एसटी मेजर सिंह अड्डा भालोवाली में मौजूद थे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

तभी पुलिस को सूचना दी गई कि गांव सारचूर के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने घर में श्री अखंड पाठ साहिब के दौरान समागम में बहुत ज्यादा लोगों का इकट्ठा किया हुआ है। एसएचओ ने बताया कि उक्त युवक की ओर से पंजाब सरकार और डीसी गुरदासपुर की ओर से जारी आदेशों का उल्लंघन करके जिंदगी से खिलवाड़ करने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी जसबीर सिंह राय ने बताया कि वह सभी को अपील करते हैं कि थोड़े दिन के लिए समागम या प्रोग्राम स्थगित कर दिए जाएं ताकि सभी इस कोरोना का खात्मा कर सकें।

हलवारा: विदेश से लौटी एक महिला सहित दो लोग क्वारंटीन
सेहत विभाग और पुलिस की टीम ने रविवार को दो घरों पर दबिश दी। टीम ने ऑस्ट्रेलिया से लौटी बुजुर्ग महिला और दुबई से लौटे व्यक्ति को घर में क्वारंटीन कर दिया है। दोनों को कहा गया है कि वह 28 दिन किसी से नहीं मिलेंगे, सेहत विभाग या फिर पुलिस की टीम उन्हें हर रोज चेक करेगी। अगर उन्हें सेहत संबंधी कोई भी परेशानी होती है, तो वह तुरंत इसकी सूचना उन्हें देंगे। 

न्यू आबादी अकालगढ़ स्थित उदय नगर में डॉ. मोहम्मद रशीद, बीएलओ मास्टर स्पेशल सिंह, सरपंच सुखविंदर कलेर और थाना सुधार प्रभारी अजायब सिंह एक घर में पहुंचे। इस घर में रहने वाला मनजीत सिंह 20 मार्च को दुबई से लौटकर आया है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उसके हाथ में स्टैंप भी लगी है। टीम ने उसे कहा कि वह 28 दिन तक खुद को एक कमरे में रखे। 

प्रताप नगर निवासी हरजिंदर कौर भी छह मार्च को ऑस्ट्रेलिया से लौटी है। उसकी जांच करने के लिए यह टीम उसके घर गई। उक्त महिला को घर में क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया। अगर कोरोना जैसा कोई भी लक्षण दिखता है, तो उसकी सूचना तुरंत सेहत विभाग के फोन नंबर पर दें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें