थाना ममदोट के अंतर्गत गांव पोजोके में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने चरित्र पर शक होने के चलते कस्सी से हमलाकर पत्नी और ढाई साल की बच्ची हत्या कर दी। वारदात में एक साल की बच्ची गंभीर जख्मी हो गई। उसे फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पत्नी आठ माह की गर्भवती थी। ग्रामीणों ने आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले किया है। थाना ममदोट पुलिस ने आरोपी पति को काबू कर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक निर्मल कौर (25) की कुछ साल पहले लखविंदर सिंह निवासी गांव पोजोके के साथ शादी हुई थी। लखविंदर अपने माता-पिता के साथ गांव भंबा हाजी में न रहकर अपनी दादी के साथ गांव पोजोके में रहता था। लखविंदर अपनी पत्नी पर शक करता था कि उसके मायके के किसी रिश्तेदार से संबंध है। निर्मल कौर उक्त व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत भी करती है। कई बार इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ। एक बार तो पंचायत ने दोनों के बीच राजीनामा भी करवाया था। पंचायत के राजीनामे के बाद भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा होता था।