मुख्यमंत्री ने कहा कि दिहाड़ीदार, मजदूर व भवन निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिक व बीपीएल परिवारों को आर्थिक सहायता पहुंचाने के लिए प्रबंध किए हैं। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के तहत 12.56 लाख परिवारों ने पंजीकरण करवाया।
इनमें से 2.76 लाख परिवारों को 4,000 रुपये की एक मुश्त सहायता के तौर पर 84.46 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। इसी प्रकार, भवन निर्माण बोर्ड से पंजीकृत 3.85 लाख श्रमिकों को 1,000 रुपये प्रति सप्ताह दे रहे हैं। गरीब परिवारों को भी 1,000 रुपये प्रति सप्ताह दिए जाएंगे और जो परिवार बीपीएल सूची में नहीं हैं, उनके पंजीकरण की अलग से व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान बिजली के बिल भरने को कैश कांउटर पर लगने वाली भीड़ से बचने के लिए बिजली निगमों ने 14 अप्रैल, 2020 तक कैश काउंटर बंद करने का निर्णय लिया है। लोगों की सुविधा के लिए डिजिटल बिल की व्यवस्था की गई है। लोग चाहे आरटीजीएस या वीवीपीएपैट या एनईएफटी के माध्यम से भी बिजली बिलों का भुगतान कर सकते हैं।
उनके अगले बिल में दो प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। 1,000 रुपये के बिल पर 20 रुपये तथा 5,000 रुपये तक के बिल पर 100 रुपये की छूट दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों से अपील की है कि वे कोविड-19 से जुड़ी किसी भी विभाग की समस्या या अपने सुझाव देने के लिए आगे आएं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1075 तथा 1100 जारी किए गए हैं।
कोरोना महामारी से निपटने के लिए हरियाणा भाजपा ने भी अपनी तैयारी कर ली है। बंद के दौरान पार्टी वालंटियर जरूरतमंदों तक राशन पहुंचाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा है कि आज देश और दुनिया एक बड़ी महामारी से जूझ रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशों पर जहां कार्यकर्ताओं की वालंटियर के तौर पर जरूरत होगी, वहां लोगों को खाद्य पदार्थों या भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा।
पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को वालंटियर की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश इकाई हर स्थिति में सरकार और प्रशासन का साथ देने के लिए तैयार है। किसान संयम से काम करें, समूह में जुटने से बचें। किसान और खेतिहर मजदूर को जिस मदद की जरूरत होगी सरकार की तरफ से उपलब्ध करवाई जाएगी।