24 घंटे बाद हरियाणा में कोरोना वायरस से मरने वाले मरीजों का आंकड़ा बढ़कर दोगुना हो गया है। मंगलवार रात तक जहां संक्रमण से 13 मौतें हुई थी, वहीं बुधवार को यह आंकड़ा 26 तक पहुंच गया। प्रदेश में 1400 नए मरीज मिले हैं, वहीं 1588 मरीज ठीक भी हुए हैं।
गुरुग्राम में तीन, फरीदाबाद में आठ, सोनीपत में एक, फरीदाबाद में पांच, अंबाला में एक, रोहतक में दो, भिवानी में एक, झज्जर में तीन व फतेहाबाद में दो मरीजों की संक्रमण से मौत हो गई है। 313 मरीज वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।
उधर, हरियाणा में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 248079 हो गई है। जिसमें 233696 मरीज ठीक हो गए हैं। 11733 मरीज अभी भी वायरस से ग्रस्त हैं। रिकवरी रेट बढ़कर 94.20 प्रतिशत पहुंच गई है। संक्रमण की दर घटकर 6.47 प्रतिशत है। मृत्यु दर भी बढ़कर 1.07 प्रतिशत है। प्रदेश में स्वास्थ्य महकमे ने एहतियातन 264799 मरीजों को मेडिकल सर्विलांस में है। 11733 संदिग्ध मरीजों की सैंपल रिपोर्ट का इंतजार है।
पंजाब में संक्रमण से 16 की मौत
पंजाब में कोरोना से मौतों के आंकड़ों में कोई गिरावट नहीं आ रही है। बुधवार को राज्य में कोरोना से 16 लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही सूबे में वायरस से मरने वालों की संख्या 4980 पहुंच गई है। इसके अलावा 617 नए मामले भी सामने आए हैं। राज्य में अब तक 157928 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक पंजाब में संदिग्ध मामलों की संख्या 3423632 पहुंच गई है। जिनमें पॉजिटिव मरीजों की संख्या 157928 दर्ज की गई है। 145623 लोग ठीक हो चुके हैं। सांस लेने में परेशानी होने पर 155 संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। 22 लोगों की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
संक्रमण से मौतों के मामले में लुधियाना पहले स्थान पर है। यहां अब तक सबसे ज्यादा 924 लोग संक्रमण से मौत का शिकार हो चुके हैं। जालंधर में 591 और पटियाला में 449 लोग दम तोड़ चुके हैं। बुधवार को बरनाला में 1, जालंधर में 6, लुधियाना में 1, एसएएस नगर में 2, पठानकोट में 1, पटियाला में 1, रोपड़ में 1, संगरूर में 1, तरनतारन में 2 मरीजों की मौत हुई।