चंडीगढ़। ट्राइसिटी में बुधवार को कोरोना से 25 मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, वहीं 2082 नए संक्रमित मिले। मृतकों में से 14 चंडीगढ़, 7 मोहाली और 8 मरीज पंचकूला के रहने वाले थे। उधर, नए संक्रमितों में 776 चंडीगढ़, 713 मोहाली जबकि 593 पंचकूला के रहने वाले हैं। बुधवार को चंडीगढ़ में कोरोना से जिन 14 मरीजों की मौत हुई, उनमें सभी लोग कोरोना के साथ दूसरी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। कोरोना से जान गंवाने वालों की उम्र 41 से 76 साल के बीच थी। इन मौतों के साथ चंडीगढ़ में कोरोना से मरने वालों की संख्या 599 पहुंच गई है। हालांकि राहत की खबर यह है कि लगातार दूसरे दिन नए मरीज की तुलना में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या ज्यादा रही।
बुधवार को 776 नए मरीज मिले जबकि 859 मरीज कोरोना को मात देने में सफल रहे। बीते 24 घंटे में शहर में कुल 3442 टेस्ट हुए जबकि 80 की रिपोर्ट आनी बाकी है। बुधवार को आए 776 केसों में मनीमाजरा से 48, मौलीजागरां से 37, धनास से 22, मलोया से 21, रामदरबार से 20, सेक्टर 46 से 23, सेक्टर 22 से 30, सेक्टर 20 से 21 और सेक्टर सात से 28 केस सामने आए।