दिल्ली से कोरोना मरीज आकर हरियाणा में हो रहे भर्ती।
- फोटो : फाइल फोटो
कोरोना संक्रमण की दूसरी घातक लहर के बीच दिल्ली में बिगड़ते हालात का असर आने वाले दिनों में हरियाणा के अस्पतालों में भी देखने को मिल सकता है। हालांकि, प्रदेश सरकार का दावा है कि हरियाणा में पर्याप्त मात्रा में बेड और आईसीयू वेंटिलेटर हैं। लेकिन एक तो प्रदेश में ही रोजाना 5 हजार अधिक नए केस मिल रहे हैं और इधर दिल्ली में बेड नहीं मिलने पर वहां के मरीजों ने प्रदेश के अस्पतालों का रुख कर लिया है। एनसीआर के जिले गुरुग्राम व फरीदाबाद के साथ साथ जीटी बेल्ट के जिलों में मजबूरी के चलते दिल्ली के मरीज आने शुरू हो गए हैं। कुछ इसी प्रकार के हालात पिछले साल सितंबर माह में हुए थे।
प्रदेश में 2100 आईसीयू बेड, एक्टिव केस 27 हजार
सरकार ने करीब 2100 आईसीयू बेड की व्यवस्था की है और इस समय करीब 360 मरीज आईसीयू में दाखिल हैं। प्रदेश में कुल क्वारंटीन बेड 45 हजार हैं और आइसोलेट बेड 11500 हैं। प्रदेश में 181 समर्पित कोविड हेल्थ सेंटर, 526 कोविड केयर सेंटर और 43 कोविड अस्पताल हैं। अहम बात ये है कि इस समय हरियाणा में एक्टिव केसों की संख्या 27 हजार के पास पहुंच गई है।