चंडीगढ़ सेक्टर-22 स्थित सूद धर्मशाला क्वारंटीन सेंटर से एक कोरोना मरीज के भागने से हड़कंप मच गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने रुड़की के गांव महियाराम से मरीज को दबोचकर उसको दोबारा क्वारंटीन कर दिया है।
सेक्टर-17 थाना पुलिस ने नोडल अधिकारी श्रेया की शिकायत पर आरोपी मोहम्मद आरिफ (25) के खिलाफ आईपीसी 269 और 270 के तहत मामला दर्जकर छानबीन में जुट गई गई है। पुलिस के अनुसार, मूलरूप से रुड़की के गांव महियाराम स्थित मकान नंबर 434/7 के रहने वाले मोहम्मद आरिफ बीते कुछ समय पहले पत्नी के साथ बेटे का पीजीआई में इलाज करवाने आया था।
इस दौरान आरिफ में कोरोना के लक्षण पाए जाने पर उसका सैंपल लिया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर बीते 29 जुलाई को आरिफ को सेक्टर-22 स्थित सूद धर्मशाला में क्वारंटीन कर दिया गया जबकि पत्नी और बेटा वापस घर लौट गए। बीते 8 अगस्त को आरिफ को पीयू में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रेफर किया जाना था।
सुबह जब अनाउसमेंट कर आरिफ को बुलाया गया तो वह क्वारंटीन सेंटर में नहीं था। काफी तलाश के बावजूद जब वहां पर आरिफ नहीं मिला तो हड़कंप मच गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर 22 चौकी इंचार्ज नवीन कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने आरिफ को रुड़की स्थित उसके मूल गांव महियाराम से दबोचकर उसे स्थानीय अस्पताल में क्वारंटीन करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।